Mumbai Indians Luke Williams Coach: मुंबई इंडियंस ने विमेंस प्रीमियर लीग के अगले सीजन से पहले बड़ा बदलाव किया है। टीम ने ल्यूक विलियम्स को नया हेड कोच नियुक्त किया है। वह 2027 WPL सीजन से टीम की जिम्मेदारी संभालेंगे। उनके आने से मुंबई इंडियंस के कैंप में नई रणनीति और नई उम्मीदें जुड़ गई हैं।
बता दें ल्यूक विलियम्स को महिला क्रिकेट की अच्छी समझ रखने वाला कोच माना जाता है। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड और भारत में कोचिंग की है। अब वह मुंबई इंडियंस की मजबूत टीम के साथ नई पारी शुरू करेंगे।
लिसा केइटली ने छोड़ा हेड कोच का पद
मुंबई इंडियंस ने बताया कि लिसा केइटली ने हेड कोच की भूमिका से हटने का फैसला किया है। इसके बाद ल्यूक विलियम्स को जिम्मेदारी दी गई है। बता दें लिसा के कार्यकाल में मुंबई इंडियंस ने कई अहम मुकाबले खेले। टीम ने उनके योगदान के लिए आभार जताया है। टीम की को-ओनर नीता एम. अंबानी ने भी लिसा को भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
नीता अंबानी ने ल्यूक विलियम्स का टीम में स्वागत किया। उन्होंने कहा कि विलियम्स अपने साथ लंबा अनुभव लेकर आए हैं। उन्हें महिला क्रिकेट की गहरी समझ है। साथ ही खिलाड़ियों को बेहतर बनाने पर उनका खास ध्यान रहता है।
दो दशक का कोचिंग अनुभव
बता दें ल्यूक विलियम्स का कोचिंग करियर काफी लंबा रहा है। उन्होंने करीब दो दशक तक ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड और भारत में काम किया है। वह 2025 से इंग्लैंड की महिला टीम के असिस्टेंट कोच भी रहे हैं। खिलाड़ी के तौर पर भी विलियम्स का रिकॉर्ड खास रहा है। उन्हें ग्रेड क्रिकेट में तीन बार ब्रैडमैन मेडल मिला था। ये पुरस्कार उन्हें 2005/06, 2007/08 और 2009/10 सीजन में मिला। अब उनका फोकस मुंबई इंडियंस को अगले WPL सीजन के लिए तैयार करने पर होगा। टीम में कई अनुभवी खिलाड़ी हैं। हरमनप्रीत कौर टीम की कप्तानी कर रही हैं।
मुंबई इंडियंस के सामने नई चुनौती
मुंबई इंडियंस WPL की सबसे सफल टीमों में शामिल रही है। टीम ने 2023 और 2025 में खिताब जीता था। दोनों बार हरमनप्रीत कौर टीम की कप्तान थीं। हालांकि पिछले सीजन में टीम का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा। मुंबई ने आठ लीग मैच खेले। इनमें उसे तीन जीत मिलीं। पांच मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा। टीम चौथे स्थान पर रही। वह प्लेऑफ में जगह नहीं बना सकी। अब 2027 सीजन से पहले टीम ने कोचिंग स्टाफ में बदलाव किया है। ल्यूक विलियम्स के सामने टीम को फिर से खिताबी दौड़ में मजबूत स्थिति में लाने की चुनौती होगी।
विलियम्स ने भी मुंबई इंडियंस से जुड़ने पर उत्साह जताया है। उन्होंने कहा कि वह खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ के साथ काम करने को लेकर उत्साहित हैं। उनका लक्ष्य रोमांचक क्रिकेट खेलना और सफलता के लिए मुकाबला करना है।


BREAKING: Mumbai Indians appoint Luke Williams as their women’s team’s head coach



A special message from Aapla new women’s team Head Coach Luke Williams! 