अयोध्या के मिल्कीपुर विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत सेंधुतारा में छत से गिरने से जान गंवाने वाले संजय यादव के परिवार को समाजवादी पार्टी ने आर्थिक सहायता दी है। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की ओर से बुधवार, 9 सितंबर को परिवार को एक लाख रुपए की मदद दी गई। मिल्कीपुर से सपा के पूर्व प्रत्याशी अजीत प्रसाद ने मृतक के घर पहुंचकर परिजनों को चेक सौंपा। संजय यादव की कुछ दिन पहले छत से गिरने से मौत हो गई थी। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण परिजन अंतिम संस्कार और रोजमर्रा के खर्चों को लेकर परेशान थे। मामले की जानकारी मिलने पर अजीत प्रसाद ने लखनऊ पहुंचकर अखिलेश यादव से मुलाकात की और परिवार की स्थिति से उन्हें अवगत कराया। अजीत प्रसाद ने अखिलेश यादव से की मदद की अपील अजीत प्रसाद ने बताया कि उन्होंने परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए इंसानियत के नाते मदद करने का आग्रह किया था। इस पर अखिलेश यादव ने तत्काल एक लाख रुपए की सहायता मंजूर की। इसके बाद बुधवार को अजीत प्रसाद सेंधुतारा स्थित संजय यादव के घर पहुंचे। उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और अखिलेश यादव की ओर से सहायता राशि का चेक सौंपा। बोले- दुख की घड़ी में पार्टी परिवार के साथ अजीत प्रसाद ने कहा कि संजय यादव की मौत बेहद दुखद घटना है। उन्होंने कहा कि इस मुश्किल समय में समाजवादी पार्टी पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है। आर्थिक सहायता भले ही सीमित हो, लेकिन इसका उद्देश्य परिवार को यह भरोसा दिलाना है कि पार्टी उनके सुख-दुख में साथ है। सहायता मिलने पर परिजनों ने अखिलेश यादव और अजीत प्रसाद का आभार जताया। ग्रामीणों ने भी इसे संकट के समय मानवीय संवेदना और सामाजिक जिम्मेदारी का उदाहरण बताया। स्थानीय कार्यकर्ता और ग्रामीण रहे मौजूद इस दौरान सपा के स्थानीय पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

