Shobha De On Mirzapur The Movie Review: फेमस राइटर और कॉलमनिस्ट शोभा डे अपने बेबाक और तीखे विचारों के लिए जानी जाती हैं। हाल ही में बॉक्स ऑफिस पर रिलीज हुई अमेजन प्राइम वीडियो की पॉपुलर क्राइम-थ्रिलर सीरीज ‘मिर्ज़ापुर: द मूवी’ पर शोभा डे का गुस्सा फूटा है। इस फिल्म को शोभा डे ने बेहद खराब रिव्यू दिया है। उन्होंने बताया कि ‘मिर्जापुर’ की ओरिजिनल वेब सीरीज उन्होंने कभी नहीं देखी थी, लेकिन चारों तरफ मचे हाइप को देखकर वह थिएटर्स में यह फिल्म देखने पहुंचीं, जहां उनका अनुभव बेहद निराशाजनक रहा।
मिर्जापुर द मूवी पर भड़कीं शोभा डे
शोभा डे ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर ने एक वीडियो शेयर किया। उन्होंने कहा, ’मैं बस इतना कह सकती हूं कि ‘मिर्ज़ापुर: द मूवी’ शायद बननी ही नहीं चाहिए थी। मैं बहुत उम्मीदों के साथ थिएटर गई थी क्योंकि ‘मिर्जापुर’ ब्रांड को लेकर काफी चर्चा थी। लेकिन बाहर निकलते वक्त मेरे दिमाग में बस यही सवाल था कि ‘आखिर यह क्या बन रहा है?’”
फिल्म में कलाकारों के अभिनय पर बात करते हुए उन्होंने रवि किशन के ‘बब्बन बाबूआ यादव’ के विलेन वाले किरदार और अली फजल के ‘गुड्डू पंडित’ वाले रोल की जमकर तारीफ की। हालांकि, कालीन भैया के रूप में पंकज त्रिपाठी की परफॉर्मेंस पर वह काफी भड़कीं। उन्होंने कहा कि पंकज त्रिपाठी का वही पुराना अंदाज और एक्सप्रेशन अब एक जैसा और बोरिंग लगने लगा है। उन्होंने रसिक दुगल (बीना त्रिपाठी) के साथ फिल्माए गए सीन पर भी हैरानी जताई और बीना के किरदार को ‘वैम्प’ या ‘लेडी मैकबेथ’ जैसा करार दिया।
“15 मिनट सो गई, पीछे बैठी महिलाएं खर्राटे ले रही थीं”
फिल्म की खामियां गिनाते हुए शोभा डे ने कहा कि फिल्म में बिना किसी वजह के हर तरह की अत्यधिक हिंसा ठूंस दी गई है और कहानी का कोई सिर-पैर नजर नहीं आता। उन्होंने मजाकिया लहजे में स्वीकार किया कि फिल्म देखते-देखते उन्हें लगभग 15 मिनट के लिए नींद आ गई थी और उन्होंने अपने पीछे बैठी दो महिलाओं को खर्राटे लेते भी सुना।
शोभा ने अपनी रील में चुटकी लेते हुए कहा कि शायद यह फिल्म सिर्फ पुरुषों के लिए बनी है, उनके लिए नहीं। उन्होंने कैप्शन में बताया कि उन्होंने टिकट पर 900 और भेलपुरी पर 260 खर्च किए और 4 घंटे यह सोचते हुए बिताए कि ऐसी बिना तालमेल वाली फिल्म क्यों देख रही हैं।
फिल्म का हुआ 200 करोड़ से ज्यादा कलेक्शन
जहां एक तरफ शोभा डे ने फिल्म को लेकर भड़ास निकाली है। वहीं दर्शकों को ये फिल्म बेहद पसंद आ रही है। फिल्म ने रिलीज के पहले सात दिनों में दुनिया भर में 212.44 करोड़ की कमाई कर ली है।
फिल्म ने 25.75 करोड़ की बंपर ओपनिंग के साथ शुरुआत की थी। दूसरे दिन इसकी कमाई में शानदार उछाल आया और इसने 32 करोड़ रुपये कमाए थे। इसके बाद तीसरे दिन इसने सबसे अच्छा प्रदर्शन करते हुए 36 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था। हालांकि, चौथे दिन कमाई घटकर 16 करोड़ रुपये और पांचवें दिन 15.60 करोड़ रुपये रह गई थी। छठे दिन 12.55 करोड़ रुपये और सातवें दिन 10.55 करोड़ रुपये का अतिरिक्त लाभ हुआ।
बता दें, साल 2018 में ओटीटी पर शुरू हुई ‘मिर्जापुर’ के तीन सफल सीजन रह चुके हैं। अमेजन एमजीएम (Amazon MGM) और एक्सेल एंटरटेनमेंट (फरहान अख्तर व रितेश सिधवानी) के बैनर तले गुरमीत सिंह के निर्देशन में बनी यह फिल्म 4 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। फिल्म में पंकज त्रिपाठी, अली फजल, रसिका दुगल, श्वेता त्रिपाठी, दिव्येंदु, हर्षिता गौर, राजेश तैलंग और कुलभूषण खरबंदा के साथ-साथ जितेंद्र कुमार और अभिषेक बनर्जी भी अहम किरदारों में नजर आए हैं।

