मिर्जापुर जनपद के ड्रमंडगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत महुगढ़ी गांव स्थित मुरलिया जंगल में शनिवार सुबह एक युवक का शव पेड़ से लटका मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। जंगल में मवेशी चराने गए चरवाहों ने शव देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष भारत सुमन पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। मृतक की पहचान अंतरी सिकटा, हलिया निवासी 22 वर्षीय पंचराज उर्फ निरहू पुत्र राजू वर्मा के रूप में की गई है।
परिजनों के अनुसार, पंचराज शुक्रवार शाम अपनी बाइक से ननिहाल महुगढ़ी गांव आया था। कुछ देर रुकने के बाद उसने अपने मामा भगवादास से आर्केस्ट्रा में काम पर जाने की बात कही और घर से निकल गया। शनिवार सुबह उसका शव ननिहाल से करीब तीन किलोमीटर दूर जंगल में पेड़ से लटका मिला। बताया जा रहा है कि पंचराज पांच बहनों में सबसे बड़ा और माता-पिता का इकलौता पुत्र था। वह अविवाहित था और आर्केस्ट्रा में नर्तक के रूप में कार्य करता था। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में शोक की लहर दौड़ गई। थानाध्यक्ष भारत सुमन ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। गौरतलब है कि इसी थाना क्षेत्र के देवहट गांव स्थित हरदी जंगल में बीते 1 फरवरी को दुलारमणि कोल नामक अधेड़ का शव भी पेड़ से लटका मिला था। उस घटना का खुलासा अभी तक नहीं हो सका है, जिससे क्षेत्र में विभिन्न प्रकार की चर्चाएं हो रही हैं।


