सिंगरौली में परिवहन विभाग ने बुधवार को मालवाहक वाहनों से यात्रियों और श्रमिकों के अवैध परिवहन पर कार्रवाई की। कलेक्टर गौरव बेनल के निर्देश पर सुलियरी माइंस-माड़ा मार्ग पर वाहनों की जांच हुई।
जांच में कई मालवाहक पिकअप वाहनों में यात्रियों और श्रमिकों को ले जाते पाया गया। विभाग ने इसे नियमों के खिलाफ बताया और चालकों को चेतावनी दी।
अभियान के दौरान बिना परमिट, फिटनेस, लाइसेंस, ओवरलोडिंग और बिना बिल्टी-रॉयल्टी के मिट्टी, गिट्टी, कोयला, फ्लाई ऐश के खुले परिवहन का उल्लंघन मिला।
इस कार्रवाई में 2 लाख 21 हजार रुपए का जुर्माना वसूला गया। विभाग ने साफ किया कि मालवाहक वाहनों में यात्रियों को ले जाने से सड़क दुर्घटना में जान का खतरा हो सकता है। ऐसी जांच जारी रहेगी।
सड़क सुरक्षा के लिए आरटीओ चेक पॉइंट सिंगरौली की टीम वाहनों पर रेडियम रिफ्लेक्टर लगा रही है, ताकि रात में वाहन साफ दिखें। विभाग ने चालकों से सभी दस्तावेज ठीक रखने की अपील की।

