मानक से ऊंचे डीजे-कांवड़ को मोदीपुरम में रोका:मानक के अनुरूप करने के बाद ही बुलंदशहर के लिए किय रवाना

मानक से ऊंचे डीजे-कांवड़ को मोदीपुरम में रोका:मानक के अनुरूप करने के बाद ही बुलंदशहर के लिए किय रवाना

दिल्ली-दून हाईवे स्थित मोदीपुरम फ्लाईओवर के पास शुक्रवार को पुलिस ने मानक से अधिक ऊंचाई और चौड़ाई वाले दो बड़े डीजे और एक विशाल कांवड़ को रोक लिया। पुलिस ने मौके पर नापजोख कराई तो डीजे और कांवड़ की ऊंचाई 12 फीट से अधिक और चौड़ाई 10 फीट से ज्यादा मिली। पुलिस ने सुरक्षा मानकों का हवाला देते हुए इन्हें आगे जाने से रोक दिया। कार्रवाई को लेकर कांवड़ियों और पुलिस के बीच करीब एक घंटे तक नोकझोंक भी हुई। मोदीपुरम फ्लाईओवर के पास पुलिस कैंप बनाया गया है, जहां कांवड़ वाहनों और डीजे की नियमित जांच की जा रही है। इसी दौरान बुलंदशहर जा रहे दो बड़े डीजे और एक विशाल कांवड़ को पुलिस ने रोककर उनकी ऊंचाई और चौड़ाई की नाप कराई। जांच में दोनों तय मानक से बड़े पाए गए। मौके पर तैनात दिवसाधिकारी दरोगा मुन्नेश कुमार सिंह ने कांवड़ियों को शासन की ओर से जारी सुरक्षा गाइडलाइन और निर्धारित मानकों की जानकारी दी। पुलिस ने स्पष्ट किया कि तय सीमा से अधिक ऊंचाई और चौड़ाई वाले डीजे और कांवड़ को आगे जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। पुलिस के समझाने के बाद कांवड़ियों ने डीजे पर 12 फीट से ऊपर लगाए गए बॉक्स और अन्य अतिरिक्त सामान उतरवा दिया। इसके बाद पुलिस ने दोबारा नापजोख कराई। इस बार डीजे और कांवड़ 12 फीट ऊंचाई और 10 फीट चौड़ाई के निर्धारित मानक के अनुरूप मिले। मानक पूरा होने के बाद पुलिस ने दोनों डीजे और विशाल कांवड़ को बुलंदशहर के लिए रवाना कर दिया। पुलिस ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन कराना प्राथमिकता है, ताकि हाईवे पर किसी तरह की दुर्घटना या यातायात संबंधी समस्या न हो।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *