Anjali Arora Mata Sita: सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर अंजलि अरोड़ा एक बार फिर अपने पुराने वायरल गाने ‘कच्चा बादाम’ को लेकर चर्चा में हैं। 15 अक्टूबर 2026 को कानपुर के ‘नगाड़ा नाइट डांडिया’ इवेंट का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें अंजलि डीजे बूथ के पास जाकर बातचीत करती नजर आ रही हैं। सोशल मीडिया पर दावा किया जा रहा है कि गाना बजने के बाद वह नाराज हो गईं और महज 12 मिनट में । स्टेज छोड़कर चली गईं। इस पर कई यूजर्स ने सपोर्ट किया तो कईयों ने ट्रोल भी किया।
DJ के पास पहुंचीं अंजलि अरोड़ा, वीडियो में क्या दिखा?
वायरल वीडियो में बैकग्राउंड में ‘कच्चा बादाम’ गाना बजता सुनाई देता है। इस दौरान स्टेज पर मौजूद अंजलि डीजे बूथ की तरफ जाती हैं और डीजे से कुछ कहती नजर आती हैं। उनकी टीम के कुछ सदस्य भी वहां पहुंचते हैं। बातचीत के दौरान अंजलि हाथों से इशारे करती दिखाई देती हैं।
वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर यूजर्स अंजलि अरोड़ा को लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। एक यूजर ने तंज कसते हुए लिखा, “लोगों को अपनी ही पहचान से समस्या है, वाह, यही है पतन।” वहीं, दूसरे यूजर ने कहा कि कुछ लोग लोकप्रियता हासिल करने के लिए जिस चीज का सहारा लेते हैं, मशहूर होने के बाद उसी से दूरी बनाने और अपनी पुरानी छवि मिटाने की कोशिश करते हैं। एक अन्य यूजर ने टिप्पणी की, “वल्गर डांसिंग से प्रसिद्धि पाने के बाद अब सम्मान चाहिए? सम्मान चाहिए तो सम्मानजनक काम करिए, सम्मान अपने आप मिलेगा।” वहीं, कुछ यूजर्स का दावा है कि अंजलि अपना वायरल गाना ‘कच्चा बादाम’ बजने से नाराज हो गई थीं, जबकि कुछ पोस्ट में इवेंट की भीड़ और इंतजामों को लेकर उनकी नाराजगी की बात कही जा रही है।
क्या 12 मिनट में इवेंट छोड़कर चली गईं अंजलि?
सोशल मीडिया पर वायरल कुछ दावों के मुताबिक, अंजलि अरोड़ा ने इवेंट के इंतजामों पर सवाल उठाए थे। इन पोस्ट में उनके हवाले से आयोजकों को बुलाने और कलाकारों के सम्मान से जुड़ी बातें भी कही गई हैं। दावा है कि उन्होंने दर्शकों के लिए गर्मी में इंतजार करने और जरूरी सुविधाओं की कमी पर भी नाराजगी जताई।
कुछ सोशल मीडिया पोस्ट में यह भी कहा गया कि अंजलि इवेंट में करीब 12 मिनट तक ही रुकीं और इसके बाद दर्शकों से माफी मांगते हुए स्टेज से चली गईं। हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। अंजलि की ओर से भी फिलहाल इस पूरे मामले पर आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। बता दें, अंजलि अरोड़ा को ‘कच्चा बादाम’ गाने पर बनाए गए डांस वीडियो से सोशल मीडिया पर खूब लोकप्रियता मिली थी। इस वीडियो के बाद वह इंटरनेट पर चर्चा में आ गईं और उनकी पहचान सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर के तौर पर मजबूत हुई।
माता सीता के किरदार को लेकर भी हुई थी ट्रोलिंग
अंजलि अरोड़ा हाल ही में ‘महाकाव्य श्री रामायण कथा’ में माता सीता की भूमिका को लेकर भी चर्चा में थीं। इस किरदार के लिए चुने जाने के बाद सोशल मीडिया पर कुछ लोगों ने उनके पुराने डांस वीडियो का हवाला देते हुए सवाल उठाए थे।
ट्रेलर लॉन्च के दौरान अंजलि ने आलोचनाओं का जवाब देते हुए कहा था कि डांस करना कलाकारों के लिए सामान्य बात है और उन्हें अपने शौक पर कोई शर्म नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि उन्होंने ट्रोलिंग को निजी तौर पर नहीं लिया। अब कानपुर के डांडिया इवेंट का वीडियो वायरल होने के बाद अंजलि एक बार फिर सोशल मीडिया पर चर्चा में हैं। हालांकि, इवेंट में वास्तव में क्या हुआ और उनके स्टेज छोड़ने की वजह क्या थी, यह उनकी ओर से स्पष्टीकरण आने के बाद ही साफ हो सकेगा।


