बारां जिले की मांगरोल नगर पालिका को फिर से स्वच्छ और भ्रष्टाचार मुक्त बनाया जाएगा। यह बात नवनिर्वाचित पालिका अध्यक्ष भूपेंद्र सुमन और उपाध्यक्ष मोहम्मद अशफाक ने पदभार समारोह के दौरान कही। उन्होंने खुले मंच से जनता को यह भरोसा दिया। पदभार संभालने के बाद अध्यक्ष भूपेंद्र सुमन ने कहा कि जनता ने पिछले सात साल के कुशासन का जवाब दिया है। अब नगर पालिका में पूरी पारदर्शिता के साथ जनता के हित में काम किया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि जनता को नगर पालिका में किसी भी काम के लिए निराश नहीं होना होगा। किसी भी काम के लिए एक भी पैसा नहीं लिया जाएगा। उन्होंने साफ किया कि भ्रष्टाचार करने वाले किसी भी कर्मचारी को छोड़ा नहीं जाएगा। इससे पहले, नवनिर्वाचित अध्यक्ष भूपेंद्र सुमन और उपाध्यक्ष मोहम्मद अशफाक अपने बमोरीकलां रोड स्थित आवास से जुलूस निकालकर नगर पालिका कार्यालय पहुंचे। इस दौरान नागरिकों ने जगह-जगह उनका स्वागत किया और फूल-मालाएं पहनाईं। इस पदभार समारोह में पूर्व जिला प्रमुख नंदलाल सुमन, विधायक प्रत्याशी मोरपाल सुमन, पीयूष विजय, निकाय प्रभारी मुकुट नागर, अमित चोपड़ा समेत सभी वार्ड पार्षद और बड़ी संख्या में नगरवासी शामिल रहे।

