महोबा जनपद में पिछले एक सप्ताह से रुक-रुककर हो रही बारिश अब ग्रामीणों के लिए मुसीबत बन गई है। चरखारी तहसील क्षेत्र के कुड़ार गांव में तेज बारिश के कारण एक कच्चा मकान ताश के पत्तों की तरह ढह गया। यह पूरा नजारा कैमरे में कैद हो गया, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कैसे महज पांच सेकंड के भीतर पूरा मकान भरभरा कर गिर पड़ा और पल भर में मलबे के ढेर में बदल गया। मकान गिरते ही उसका मलबा पूरी सड़क पर बिखर गया। महोबा जिले में पिछले सात दिनों से लगातार बारिश हो रही है, जिससे स्थानीय निवासियों और खासकर कच्चे मकानों में रहने वाले लोगों की परेशानी बढ़ गई है। बारिश के कारण जलभराव और सीलन से इमारतें कमजोर हो चुकी हैं और अब ढहने लगी हैं। राहत की बात यह रही कि जिस समय मकान गिरा, उस समय सड़क पर कोई मौजूद नहीं था। इससे एक बड़ा हादसा टल गया। यह हादसा इतना अचानक हुआ कि आसपास मौजूद लोग डर गए। इस घटना का वीडियो किसी ग्रामीण ने अपने मोबाइल में कैद कर लिया था। लगातार हो रही बारिश ने पूरे जनपद के लोगों को परेशान कर दिया है और लोग अब भी किसी अनहोनी के डर में जी रहे हैं।

