हरदोई के शहर कोतवाली पुलिस ने महिला का मंगलसूत्र लूटने के मामले में लखनऊ के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, दोनों ने 31 अगस्त की दोपहर बावन रोड स्थित एक प्राइवेट अस्पताल के पास पैदल जा रही महिला से मंगलसूत्र लूटा था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मंगलसूत्र और वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद की है। पैदल जा रही महिला से बाइक सवारों ने लूटा था मंगलसूत्र पलिया, कोतवाली हरपालपुर निवासी रंजना 31 अगस्त को बावन रोड से पैदल जा रही थीं। इसी दौरान बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने उनका मंगलसूत्र लूट लिया और मौके से फरार हो गए। पीड़िता की शिकायत पर शहर कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। सीसीटीवी और जांच के बाद आरोपियों तक पहुंची पुलिस पुलिस टीम ने जांच करते हुए वारदात में शामिल दोनों आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान सत्यम शुक्ला निवासी भवानीपुर, बक्शी का तालाब, लखनऊ और सुंदरलाल निवासी सुल्तानपुर, इटौंजा, लखनऊ के रूप में हुई है। सत्यम पर 29 और सुंदरलाल पर 6 मुकदमे पुलिस के अनुसार, सत्यम शुक्ला का लंबा आपराधिक रिकॉर्ड है। उसके खिलाफ लखनऊ के मड़ियांव, दुबग्गा, ठाकुरगंज, अलीगंज, गोमतीनगर, मलिहाबाद और बक्शी का तालाब थानों में कुल 29 मुकदमे दर्ज हैं। इनमें चोरी, झपटमारी, धोखाधड़ी, चोरी का सामान रखने, अवैध हथियार और गैंगस्टर एक्ट से जुड़े मामले शामिल हैं। वहीं, दूसरे आरोपी सुंदरलाल के खिलाफ इटौंजा और बक्शी का तालाब थानों में कुल 6 मुकदमे दर्ज हैं। इनमें चोरी, चोरी का सामान बरामद होने और गैंगस्टर एक्ट से जुड़े मामले शामिल हैं। दोनों आरोपियों को जेल भेजा गया शहर कोतवाली पुलिस ने आरोपियों के पास से लूटा गया मंगलसूत्र और घटना में इस्तेमाल बाइक बरामद की है। शहर कोतवाल संजय त्यागी ने बताया कि दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस की कार्रवाई के बाद इलाके के लोगों ने राहत की बात कही है।

