केंद्रीय मंत्री मुरलीधर मोहोल और पुणे स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से महा विकास आघाडी (एमवीए) की उम्मीदवार हर्षदा देशमुख-जाधव ने शुक्रवार सुबह महाराष्ट्र विधान परिषद की पुणे शिक्षक और स्नातक सीटों के लिए मतदान शुरू होने के कुछ देर बाद ही अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। पुणे स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) की उम्मीदवार हर्षदा देशमुख-जाधव के खिलाफ स्मिता जाधव को मैदान में उतारा है। शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) ने भी इस सीट पर अपना उम्मीदवार खड़ा किया है।
पुणे शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में भाजपा ने कांग्रेस के मौजूदा विधान परिषद सदस्य जयंत असगांवकर के खिलाफ कौस्तुभ गावड़े को उम्मीदवार बनाया है। शिवसेना ने राज्य के मंत्री उदय सामंत के विशेष कार्याधिकारी (ओएसडी) सचिन सनप को समर्थन दिया है, जो निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ रहे हैं। मोहोल ने वोट डालने के बाद कहा, ‘‘पिछले चुनावों और स्थानीय निकाय चुनावों के अनुभव को देखते हुए कहा जा सकता है कि महाराष्ट्र की जनता भाजपा के साथ है।’’
भाजपा नेता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस के नेतृत्व वाली सरकार ने अच्छा काम किया है और लोगों ने विकास की गति देखी है।
उन्होंने कहा, ‘‘शिक्षित मतदाता सोच-विचार कर और हर पहलू पर विचार करने के बाद अपना फैसला करते हैं। मुझे विश्वास है कि महायुति गठबंधन सभी पांच सीटों पर जीत हासिल करेगा।’’
राज्य की 78 सदस्यीय विधान परिषद में पांच सीटों-तीन स्नातक और दो शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों-के लिए द्विवार्षिक चुनाव हो रहे हैं। ये निर्वाचन क्षेत्र हैं: पुणे संभाग स्नातक, नागपुर संभाग स्नातक, पुणे संभाग शिक्षक, छत्रपति संभाजीनगर (औरंगाबाद) स्नातक और अमरावती शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र।
भाजपा, एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना और सुनेत्रा पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के गठबंधन महायुति तथा कांग्रेस, शरद पवार के नेतृत्व वाली राकांपा (शरदचंद्र पवार) और उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के गठबंधन महा विकास आघाडी (एमवीए) सभी पांच सीटों पर चुनाव लड़ रहे हैं। अधिकारियों ने बताया कि मतगणना 27 अक्टूबर को होगी, जबकि चुनाव प्रक्रिया 31 अक्टूबर तक पूरी कर ली जाएगी।

