Maharashtra Weather News: महाराष्ट्र में मानसून की विदाई के बाद अब मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, मुंबई, ठाणे, पालघर और रायगढ़ में 10 और 11 अक्टूबर को कुछ स्थानों पर गर्म और उमस भरा मौसम रहने की संभावना है। वहीं, रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग सहित पश्चिमी महाराष्ट्र के कुछ इलाकों में अगले 12 घंटों के दौरान हल्की बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। 12 से 14 अक्टूबर तक अधिकांश जिलों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।
मुंबई, ठाणे और पालघर में कैसा रहेगा मौसम?
मुंबई, ठाणे, पालघर और रायगढ़ में 10 और 11 अक्टूबर को अलग-अलग स्थानों पर गर्म और उमस भरा मौसम रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने इन जिलों के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है। जबकि 12, 13 और 14 अक्टूबर के लिए इन जिलों में मौसम शुष्क रहने का पूर्वानुमान है।
रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग में बारिश की संभावना
कोंकण क्षेत्र के कुछ जिलों में अगले 24 घंटों के दौरान हल्की बारिश या गरज के साथ बौछारों का अनुमान है। रत्नागिरी में दोपहर या शाम के समय हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है, जबकि सिंधुदुर्ग में भी हल्की बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।
11 अक्टूबर को रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग के कुछ हिस्सों में गर्म और उमस भरा मौसम रह सकता है। इसके बाद 12 से 14 अक्टूबर तक दोनों जिलों में मौसम शुष्क रह सकता है।
पुणे, नासिक और नागपुर में मौसम का हाल
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, पुणे, नासिक, अहिल्यानगर, जलगांव, धुले और नंदुरबार सहित कई जिलों में 14 अक्टूबर तक बारिश की संभावना नहीं है। जबकि पुणे और नासिक के घाट क्षेत्रों में भी इन पांच दिनों के दौरान शुष्क मौसम का अनुमान है।
वहीं, नागपुर, अमरावती, अकोला, चंद्रपुर, गोंदिया, भंडारा, गढ़चिरौली, वर्धा, वाशिम और यवतमाल सहित विदर्भ के जिलों के लिए इस अवधि में मौसम विभाग ने कोई चेतावनी जारी नहीं की है।
कोल्हापुर, सतारा और सांगली में आज बारिश का अनुमान
पश्चिमी महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में 24 घंटों के दौरान हल्की से मध्यम बारिश या गरज के साथ बौछारों की संभावना जताई गई है। इनमें कोल्हापुर और सतारा के घाट क्षेत्र तथा सांगली शामिल हैं। कोल्हापुर और सतारा के मैदानी इलाकों में भी हल्की बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। सोलापुर में भी हल्की बारिश की संभावना है। हालांकि, 11 अक्टूबर से 14 अक्टूबर तक इन जिलों में मौसम शुष्क रहने का पूर्वानुमान है।

