महाराष्ट्र: जुआ अड्डे पर रेड के दौरान करंट से युवक की मौत, शव ठिकाने लगाने वाले दंपती और बेटा गिरफ्तार

महाराष्ट्र: जुआ अड्डे पर रेड के दौरान करंट से युवक की मौत, शव ठिकाने लगाने वाले दंपती और बेटा गिरफ्तार

Bhandara Crime: महाराष्ट्र के भंडारा जिले से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। खेत में चल रहे जुआ अड्डे पर पुलिस की छापेमारी के दौरान कार्रवाई से बचने के लिए भाग रहे एक युवक की खेत में छोड़े गए बिजली के तारों की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस की कार्रवाई के डर से एक किसान ने अपनी पत्नी और बेटे की मदद से युवक का शव खेत से खींचकर पास के दूसरे खेत में स्थित कुएं में फेंक दिया। मामला सामने आने के बाद पुलिस ने किसान, उसकी पत्नी और बेटे को गिरफ्तार कर लिया है।

यह घटना भंडारा जिले के आंधलगांव थाना क्षेत्र के बपेरा गांव के खेत में रात के समय हुई। मृतक की पहचान पुरुषोत्तम राऊत (39) के रूप में हुई है।

पुलिस की छापेमारी के दौरान भाग रहा था युवक

जानकारी के अनुसार, बपेरा गांव के खेत में जुआ अड्डा चल रहा था। इसी दौरान पुलिस ने वहां छापेमारी की। पुलिस को देखते ही जुआ खेल रहे लोग वहां से भागने लगे। इसी दौरान पुरुषोत्तम राऊत भी भागने लगा। खेत में पहले से छोड़े गए बिजली के तारों के संपर्क में आने के बाद वह करंट की चपेट में आ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

सुबह खेत में पहुंचा किसान, तारों में फंसा मिला शव

अगली सुबह किसान परिमल मसरके (55) अपने खेत में गया। वहां उसने बिजली के तारों में फंसा पुरुषोत्तम राऊत का शव देखा। पुलिस की कार्रवाई के डर से उसने घटना की जानकारी पुलिस को देने के बजाय शव को ठिकाने लगाने का फैसला किया।

आरोप है कि परिमल मसरके ने अपनी पत्नी गीता (50) और बेटे हर्षल (20) की मदद से शव को अपने खेत से खींचकर पास के दूसरे किसान के खेत में पहुंचाया। इसके बाद तीनों ने शव को वहां मौजूद कुएं में फेंक दिया।

कुएं में मिला शव, शरीर पर मिले करंट के निशान

पुरुषोत्तम राऊत के बारे में जानकारी नहीं मिलने पर उसकी तलाश शुरू की गई। इसी दौरान उसका शव एक कुएं में मिला। शव की जांच के दौरान उसके शरीर पर बिजली के तारों के संपर्क में आने के निशान मिले। इससे पुलिस को मामले में संदेह हुआ और जांच का दायरा बढ़ाया गया।

पुलिस ने संदेह के आधार पर परिमल मसरके, उनकी पत्नी गीता और बेटे हर्षल को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान तीनों ने शव को कुएं में फेंकने की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर लिया।

तीनों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला

आंधलगांव पुलिस ने परिमल मसरके, गीता मसरके और हर्षल मसरके के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया है। तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस अब इस पूरे मामले की जांच कर रही है। साथ ही जुआ अड्डे और पुलिस की छापेमारी से जुड़ी परिस्थितियों की भी जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *