इंदौर की कॉलोनियों और बस्तियों में दीपावली से पहले पेंचवर्क का काम पूरा करने के लिए महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं। सोमवार को उन्होंने पार्षद निधि से वार्डों में कराए जा रहे विकास कामों की समीक्षा करते हुए बैठक की। महापौर ने लंबित काम जल्द शुरू कराने और अधूरे कामों को तय समय-सीमा में पूरा करने को भी कहा। साथ ही स्पष्ट किया है कि कार्यादेश जारी होने के बावजूद काम शुरू नहीं करने या बीच में अधूरा छोड़ने वाले ठेकेदारों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए। महापौर ने जनकार्य विभाग के माध्यम से पार्षद निधि के तहत कराए जा रहे 1 करोड़ से अधिक लागत वाले विकास कामों की संबंधित क्षेत्रीय पार्षदों के साथ समीक्षा की। इस दौरान पूरे हो चुके, चल रहे कामों और लंबित कामों की स्थिति की जानकारी ली। अधूरे कामों को प्राथमिकता से पूरा करने के को कहा महापौर ने कहा कि विकास कामों में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। सभी लंबित कामों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए। जिन ठेकेदारों ने कार्यादेश मिलने के बाद भी काम शुरू नहीं किया है या काम शुरू करने के बाद बीच में ही छोड़ दिया है, उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए। पेंचवर्क और रेस्टोरेशन पर जोर दीपावली के दौरान लोगों को आने-जाने में परेशानी न हो, इसके लिए शहर की कॉलोनियों और बस्तियों में जरूरत के अनुसार पेंचवर्क का काम त्योहार से पहले पूरा करने को कहा। उन्होंने रेस्टोरेशन के कामों में भी तेजी लाने को कहा। बैठक में जनकार्य प्रभारी राजेंद्र राठौर, एमआईसी मेंबर, पार्षद व निगम के अधिकारी मौजूद रहे।

