महाकाल मंदिर में ई-कार्ट सेवा दो दिन से बंद:42 में कई खराब, जो चल रहीं वे VIP के लिए; बुजुर्ग-दिव्यांग पैदल चलने को मजबूर

महाकाल मंदिर में ई-कार्ट सेवा दो दिन से बंद:42 में कई खराब, जो चल रहीं वे VIP के लिए; बुजुर्ग-दिव्यांग पैदल चलने को मजबूर

महाकाल मंदिर में दो दिन से बंद ई-कार्ट सेवा मंगलवार को भी पूरी तरह शुरू नहीं हो पाई। जो ई-कार्ट चल रही हैं, उनमें से भी अधिकांश वीआईपी श्रद्धालुओं की सेवा में लगी हैं। ऐसे में आम बुजुर्ग और दिव्यांग श्रद्धालुओं को गर्मी और उमस के बीच लंबी दूरी पैदल तय करनी पड़ रही है। बताया जा रहा है कि पिछले दो दिनों से श्री महाकालेश्वर मंदिर में ई-कार्ट सेवा बंद थी। चार्जिंग के दौरान कुछ गाड़ियों में तकनीकी खराबी आने के कारण यह स्थिति बनी। महाकाल मंदिर में ई-कार्ट की व्यवस्था को लेकर उज्जैन सांसद भी नाराजगी जता चुके हैं। उन्होंने कहा था कि मंदिर में ई-कार्ट की सुविधा आम श्रद्धालुओं के बजाय केवल वीआईपी भक्तों को मिल रही है। इसके बाद उन्होंने मंदिर प्रशासक से भी इस संबंध में चर्चा की थी। महाकाल मंदिर समिति के पास दान में मिली करीब 42 ई-कार्ट हैं। इन्हें तीन अलग-अलग पालियों में 12-12 गाड़ियों के स्लॉट में चलाया जाता है। इनमें से कई गाड़ियां पहले से खराब पड़ी हैं। मंदिर प्रशासन की ओर से इन पर ध्यान नहीं दिए जाने के कारण कुछ गाड़ियां लंबे समय से खड़ी हैं। दो दिन पहले चार्जिंग के दौरान कुछ और गाड़ियों में तकनीकी खराबी आ गई, जिससे श्रद्धालुओं की परेशानी बढ़ गई। रविवार से महाकाल मंदिर कॉरिडोर में चलने वाली ई-कार्ट सेवा बंद थी। यह सुविधा महाकाल महालोक (त्रिवेणी संग्रहालय) द्वार, नीलकंठ द्वार और हरसिद्धि द्वार से श्रद्धालुओं के लिए संचालित की जाती है। खासतौर पर बुजुर्ग, दिव्यांग और चलने-फिरने में असमर्थ श्रद्धालुओं को इससे राहत मिलती है। मंगलवार को कुछ गाड़ियां ठीक होने के बाद संचालन शुरू किया गया, लेकिन आम श्रद्धालुओं को इसका पर्याप्त लाभ नहीं मिल पाया। चल रही अधिकांश गाड़ियां वीआईपी और वीवीआईपी श्रद्धालुओं के लिए उपयोग की जा रही हैं। श्री महाकालेश्वर मंदिर समिति की उप प्रशासक सिम्मी यादव ने बताया कि चार्जिंग के दौरान तकनीकी गड़बड़ी के कारण कुछ ई-कार्ट में दिक्कत आई थी। इन्हें ठीक कराया जा रहा है। मंगलवार से गाड़ियों का संचालन शुरू कर दिया गया है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *