उज्जैन में श्रावण माह के दौरान रविवार शाम शक्ति पथ पर भक्ति और संगीत की खास महफिल सजेगी। प्रसिद्ध गायक बी प्राक भगवान शिव पर आधारित भजनों की प्रस्तुति देंगे। मध्यप्रदेश शासन के संस्कृति विभाग के समन्वय से ‘शिवतत्व-श्रावण कला उत्सव’ का आयोजन शाम 7 बजे शक्तिपथ, त्रिवेणी संग्रहालय के सामने, श्री महाकालेश्वर मंदिर परिसर में किया जाएगा। कार्यक्रम में बी प्राक और उनके साथी मुंबई भगवान शिव की आराधना और भक्ति से जुड़ी लोकप्रिय प्रस्तुतियां देंगे। इसके साथ ही निवाड़ी के पवन तिवारी और साथी सांस्कृतिक एवं भक्तिमय प्रस्तुतियां देंगे। बी प्राक बोले- एक सपना पूरा हुआ बी प्राक उज्जैन पहुंच चुके हैं। उन्होंने कहा कि भगवान महाकाल के आंगन में प्रस्तुति देने का वह कई दिनों से इंतजार कर रहे थे। अब उनका यह सपना पूरा हो गया है। उन्होंने कहा कि संगीत और सुरों के माध्यम से सभी को भगवान महाकाल का आशीर्वाद मिलेगा। श्रावण मास की आध्यात्मिक ऊर्जा और भारतीय सांस्कृतिक परंपराओं को समर्पित यह आयोजन भक्ति, संगीत और संस्कृति का संगम होगा। कार्यक्रम में श्रद्धालुओं और नागरिकों की एंट्री फ्री रहेगी। श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति ने श्रद्धालुओं और नागरिकों से बड़ी संख्या में पहुंचकर ‘शिवतत्व-श्रावण कला उत्सव’ की इस भक्तिमय शाम में शामिल होने की अपील की है।


