महराजगंज में रविवार को बेसिक शिक्षा विभाग के विद्यालयों में कार्यरत रसोइयों के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर से शुरू की गई चार योजनाओं का सजीव प्रसारण किया गया। सदर तहसील समेत नौतनवां, फरेंदा, निचलौल और पनियरा में आयोजित कार्यक्रमों में रसोइयों को योजनाओं की जानकारी दी गई। जिले के 4,657 रसोइयों को सालाना 5 लाख रुपए तक कैशलेस इलाज, बढ़ा हुआ मानदेय, 2 लाख रुपए का दुर्घटना बीमा और दोगुना परिधान भत्ता मिलेगा। मानदेय में ₹1 हजार की बढ़ोतरी मुख्यमंत्री ने रसोइयों का मासिक मानदेय 2 हजार रुपए से बढ़ाकर 3 हजार रुपए करने की घोषणा की। इसके साथ ही साल में एक बार मिलने वाली परिधान राशि को भी 500 रुपए से बढ़ाकर 1 हजार रुपए कर दिया गया है। परिवार समेत मिलेगा ₹5 लाख तक कैशलेस इलाज कार्यक्रम में ‘मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना’ का शुभारंभ किया गया। इसके तहत रसोइयों और उनके परिवार को हर साल 5 लाख रुपए तक की निशुल्क कैशलेस चिकित्सा सुविधा मिलेगी। महराजगंज में इस योजना का लाभ 4,657 रसोइयों को मिलेगा। दुर्घटना में मिलेगा ₹2 लाख का बीमा कवर रसोइयों को सामाजिक सुरक्षा देने के लिए पीएम पोषण योजना के तहत 2 लाख रुपए का दुर्घटना बीमा कवर भी दिया जाएगा। इससे हादसे की स्थिति में रसोइयों और उनके परिवारों को आर्थिक सुरक्षा मिल सकेगी। मुख्यमंत्री के लखनऊ स्थित कार्यक्रम का जनपद स्तर पर सदर तहसील सभागार और विधानसभा स्तर पर नौतनवां, फरेंदा, निचलौल तहसील तथा पनियरा ब्लॉक सभागार में सजीव प्रसारण किया गया। इन कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने रसोइयों को सरकार की योजनाओं की जानकारी दी। कुल 60 रसोइयों को प्रतीकात्मक रूप से कैशलेस चिकित्सा कार्ड और बढ़े हुए 3 हजार रुपए मानदेय का चेक प्रदान किया गया। रसोइया संघ के पदाधिकारियों को शाल ओढ़ाकर सम्मानित भी किया गया। जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद सदर में विधायक जय मंगल कन्नौजिया, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष कृष्ण गोपाल जायसवाल, मुख्य विकास अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, तहसीलदार सदर और खंड शिक्षा अधिकारी समेत बड़ी संख्या में रसोइये मौजूद रहे। फरेंदा में विधायक व नगर पंचायत अध्यक्ष राजेश जायसवाल, निचलौल में सिसवा विधायक के प्रतिनिधि एवं नगर पंचायत अध्यक्ष के प्रतिनिधि, पनियरा में विधायक ज्ञानेंद्र सिंह और नौतनवां में विधायक ऋषि त्रिपाठी कार्यक्रम में शामिल हुए।

