रोहतक जिले के महम में त्योहारी सीजन के मद्देनजर बाजार में भीड़ और जाम की स्थिति से बचने तथा यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए एसडीएम महम विपिन कुमार के दिशा-निर्देश पर सड़क पर अवैध पार्किंग करने वाले वाहनों के खिलाफ विशेष जांच अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान आरटीओ इंस्पेक्टर जसबीर सिंह द्वारा 10 चालान काटे गए, जिनमें प्रत्येक चालान पर 5 हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया। इस दौरान क्षेत्र में सड़क पर अवैध रूप से खड़े वाहनों की जांच की गई और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की गई। महम पुलिस की टीम भी मौके पर मौजूद रही और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में सहयोग किया। अवैध पार्किंग से आमजन को होती है परेशानी : एसडीएम एसडीएम विपिन कुमार ने कहा कि त्योहारी सीजन में बाजारों में लोगों की आवाजाही बढ़ जाती है। ऐसे में सड़कों पर अवैध पार्किंग से जाम की स्थिति उत्पन्न होती है और आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि बाजार में यातायात व्यवस्था बनाए रखने और लोगों की सुविधा सुनिश्चित करने के लिए नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने वाहन चालकों से अपील की कि वे अपने वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा करें तथा यातायात नियमों का पालन करें, ताकि त्योहारी सीजन में बाजारों में भीड़ और जाम की स्थिति से बचा जा सके तथा आमजन को सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।

