मनीषा कोइराला ने मेनोपॉज पर दिया बयान, बोलीं- बदलते शरीर से लड़ने की जरूरत नहीं

मनीषा कोइराला ने मेनोपॉज पर दिया बयान, बोलीं- बदलते शरीर से लड़ने की जरूरत नहीं

Manisha Koirala On Menopause: बॉलीवुड अभिनेत्री मनीषा कोइराला (Manisha Koirala) अपनी बेहतरीन फिल्मों के साथ-साथ अपनी बेबाक सोच के लिए भी जानी जाती हैं। कैंसर जैसी गंभीर बीमारी को मात देकर जिंदगी की नई जंग जीतने वाली मनीषा इन दिनों महिलाओं के स्वास्थ्य से जुड़े एक बेहद जरूरी और अक्सर अनकहे विषय पर खुलकर सामने आई हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर मेनोपॉज (Menopause) को लेकर बात की है। साथ ही उन्होंने इसे डर या कमजोरी के रूप में देखने के बजाय मजबूती के साथ अपनाने का एक मैसेज दिया है।

मनीषा कोइराला ने मेनोपॉज पर महिलाओं को दी हिम्मत

मनीषा कोइराला ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल पर एक फोटो शेयर की है। जिसमें वह जिम में वर्कआउट करती नजर आ रही है। उन्होंने मेनोपॉज के दौरान महिलाओं के शरीर में होने वाले हार्मोनल बदलावों पर विस्तार से पोस्ट में लिखा है। उन्होंने बताया कि इस दौरान हड्डियों, मांसपेशियों (Muscles), नींद के पैटर्न, मूड और मेटाबॉलिज्म पर किस तरह का असर पड़ सकता है। लेकिन, उन्होंने महिलाओं का हौसला बढ़ाते हुए साफ किया कि यह किसी भी रूप में महिलाओं की ताकत का अंत नहीं है।

मनीषा ने अपने पोस्ट में लिखा, “मेनोपॉज हमारी ताकत का अंत नहीं है – यह खुद का ख्याल रखने का एक नया चैप्टर है। हार्मोनल बदलाव हमारी हड्डियों, मसल्स, नींद, मूड और मेटाबॉलिज़्म को चुनौती दे सकते हैं। लेकिन हम इस दौर का सामना डर से नहीं, बल्कि ताकत से कर सकते हैं। हमें अपने बदलते शरीर से लड़ने की जरूरत नहीं है। हमें उनके साथ काम करना होगा।”

जिम में वर्कआउट करते हुए मनीषा कोइराला ने किया वीडियो शेयर

55 साल की अभिनेत्री मनीषा कोइराला ने जिम में वर्कआउट करते हुए अपना एक वीडियो भी शेयर किया है। इस वीडियो में वह सफेद रंग के स्पोर्ट्स एथलीजर में डंबल उठाती और चेस्ट एक्सरसाइज करती हुई पूरी तरह एनर्जेटिक नजर आ रही हैं।

मनीषा कोइराला ने महिलाओं को सलाह देते हुए कहा कि वह अपने डेली रूटीन में स्ट्रेंथ ट्रेनिंग यानी वजन उठाना को जरूर शामिल करें, पौष्टिक और संतुलित खाना खाएं तथा बिना किसी गिल्ट के आराम करें। ओवेरियन कैंसर सर्वाइवर रह चुकीं मनीषा ने कहा कि अपने अंदर की आवाज सुनें और जरूरत पड़ने पर मदद लेने से बिल्कुल न हिचकिचाएं। उन्होंने अपने इस मैसेज के आखिर में लिखा- “यह चैप्टर हमारा अब तक का सबसे मजबूत चैप्टर हो सकता है।”

मनीषा कोइराला की साल 2024 में आई थी आखिरी फिल्म

मनीषा कोइराला के वर्कफ्रंट की बात करें तो आखिरी बार उन्हें संजय लीला भंसाली की साल 2024 में आई चर्चित नेटफ्लिक्स पीरियड ड्रामा सीरीज ‘हीरामंडी: द डायमंड बाजार’ में देखा गया था। जिसमें उन्होंने ‘मल्लिकाजान’ का दमदार किरदार निभाया था, जिसे दर्शकों और समीक्षकों ने खूब पसंद किया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *