मजदूरी कर लौट रहे पिता-पुत्र की तेज रफ्तार कार की टक्कर से मौत, चूरू के तारानगर में सड़क हादसा

मजदूरी कर लौट रहे पिता-पुत्र की तेज रफ्तार कार की टक्कर से मौत, चूरू के तारानगर में सड़क हादसा

तारानगर (चूरू): चूरू जिले के तारानगर कस्बे में सोमवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में पिता-पुत्र की मौत हो गई। हादसा साहवा सड़क पर शहीद भगत सिंह चौक के पास हुआ। तेज रफ्तार कार ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। हादसे में मोटरसाइकिल सवार दोनों लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

मध्यप्रदेश के थे निवासी

मृतकों की पहचान मध्य प्रदेश निवासी गजेंद्र सिंह और उनके पिता रमेश के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों तारानगर में दिहाड़ी मजदूरी का काम करते थे। सोमवार शाम दोनों मजदूरी का काम पूरा करने के बाद बाजार से लौट रहे थे। इसी दौरान साहवा सड़क पर शहीद भगत सिंह चौक के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी।

मौके पर मची चीख-पुकार

टक्कर इतनी भीषण थी कि मोटरसाइकिल सवार पिता-पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने दोनों को संभाला और ट्रैक्टर-ट्रॉली की मदद से राजकीय अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।

हादसे की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग अस्पताल पहुंच गए। घटना के बाद कुछ समय के लिए मौके और अस्पताल परिसर में लोगों की भीड़ जमा हो गई। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची।

पुलिस ने लिया घटना स्थल का जायजा

थाना के एएसआई विजय सिंह और कांस्टेबल सोमवीर ने घटनास्थल का जायजा लिया और हादसे की जानकारी जुटाई। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे।

पुलिस के अनुसार, हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। खबर लिखे जाने तक मामले में कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई थी। पुलिस घटनास्थल के आसपास मौजूद लोगों से जानकारी जुटाने के साथ ही दुर्घटना के संबंध में आवश्यक कार्रवाई कर रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *