मऊ में मंगलवार दोपहर करीब 1 बजे ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान चलाया गया। जिला गंगा समिति और नगर पालिका परिषद मऊ की ओर से ढेकुलिया घाट के नदी तट और आसपास के इलाकों में विशेष सफाई अभियान चलाया गया। इस दौरान नदी किनारे और आसपास से 3 टन से ज्यादा कूड़ा हटाया गया। अभियान में डीसीएसके पीजी कॉलेज के एनएसएस स्वयंसेवकों, मुस्लिम इंटर कॉलेज और सुदामी देवी कॉन्वेंट स्कूल के छात्रों समेत 600 से ज्यादा लोगों ने हिस्सा लिया। जिला गंगा समिति के जिला परियोजना अधिकारी डॉ. हेमंत यादव ने अभियान का संयोजन किया। जनप्रतिनिधियों, नगर पालिका अधिकारियों, सफाई कर्मियों और स्थानीय नागरिकों ने भी श्रमदान कर सफाई अभियान में भाग लिया। गीला-सूखा कचरा अलग रखने की अपील जिला परियोजना अधिकारी डॉ. हेमंत यादव ने छात्रों और लोगों को गीले, सूखे और घरेलू खतरनाक कचरे को अलग-अलग रखने के लिए जागरूक किया। उन्होंने कहा कि नदी में कूड़ा डालने से जल प्रदूषण बढ़ता है। इसका असर जलीय जीव-जंतुओं और जैव विविधता पर भी पड़ता है। उन्होंने छात्रों से स्वच्छता का संदेश अपने घर और समाज तक पहुंचाने की अपील की। नदी किनारे कूड़ा न फेंकने की अपील नगर पालिका परिषद मऊ के कार्यकारी अधिकारी डॉ. मणि भूषण तिवारी ने कहा कि स्वच्छता अभियान को सफल बनाने के लिए प्रशासन के साथ नागरिकों, छात्रों और स्थानीय समुदाय की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने लोगों से नदी किनारे, नालियों और सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा नहीं फेंकने की अपील की। साथ ही घरों से निकलने वाले कचरे को अलग-अलग करके निर्धारित स्थान पर देने के लिए कहा। नदी स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प अभियान के अंत में लोगों ने श्रमदान कर नदी किनारे की सफाई की। प्रतिभागियों ने नदी को स्वच्छ रखने और पर्यावरण संरक्षण में योगदान देने का संकल्प लिया। इस दौरान भाजपा मऊ के महामंत्री प्रतीक जायसवाल, क्षेत्र वन अधिकारी ए.के. उपाध्याय, स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर राजेश श्रीवास्तव समेत कई अधिकारी, शिक्षक, छात्र और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

