मऊ में विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों को लेकर सुहेलदेव स्वाभिमान सम्मान पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष महेंद्र राजभर ने गुरुवार शाम करीब 5 बजे शहर के एक निजी प्लाजा में कार्यकर्ताओं के साथ रणनीति बैठक की। सम्मेलन में सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस दौरान उन्होंने बिना नाम लिए कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर पर कटाक्ष किए और उनके राजनीतिक दावों व संगठनात्मक क्षमता पर सवाल उठाए। महेंद्र राजभर ने कहा कि उनकी पार्टी 2027 का विधानसभा चुनाव पूरी ताकत से लड़ेगी। इस बार पार्टी कार्यकर्ताओं को चुनाव लड़ाने का काम करेगी। उन्होंने दावा किया कि ‘चंद कार्यकर्ताओं की ताकत’ के दम पर उनकी पार्टी पहले भी घोसी उपचुनाव और लोकसभा चुनाव में विरोधियों को उनकी हैसियत दिखा चुकी है। ‘पहले अपने नेताओं और कार्यकर्ताओं को संतुष्ट करें’ महेंद्र राजभर ने कहा कि किसी भी राजनीतिक दल को पहले अपने नेताओं और कार्यकर्ताओं को संतुष्ट करना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि 2022 में गठबंधन के दौरान सीटें मिलने के बावजूद संबंधित पार्टी अपना संगठन मजबूत नहीं कर सकी। उन्होंने दावा किया कि ऐसी स्थिति में 2027 तक उसका राजनीतिक भविष्य संकट में पड़ सकता है। ‘समाज से किए वादे पूरे नहीं हुए’ महेंद्र राजभर ने बिना नाम लिए ओमप्रकाश राजभर पर निशाना साधते हुए कहा कि संबंधित नेता वर्षों से समाज को एसटी का दर्जा दिलाने और ‘लोडर नहीं, लीडर पैदा करने’ का वादा करते रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि 24 वर्षों में अपने बेटे के अलावा किसी दूसरे नेता को आगे नहीं बढ़ाया गया। उन्होंने अपनी पार्टी के रजिस्ट्रेशन पर सवाल उठाने वालों को भी जवाब दिया। महेंद्र राजभर ने दावा किया कि विरोधी दल इतने वर्षों बाद भी अपनी पार्टी का पंजीकरण नहीं करा पाए हैं और भविष्य में भी ऐसा नहीं कर पाएंगे। एनडीए में सीट बंटवारे की चर्चाओं पर भी तंज महेंद्र राजभर ने एनडीए में सीट बंटवारे को लेकर चल रही चर्चाओं पर भी कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि 14 सीटें मिलने की चर्चा के बीच 32 और 84 सीटों की बातें केवल कार्यकर्ताओं को रोके रखने के लिए की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि यदि भारतीय जनता पार्टी सार्वजनिक रूप से सीटों की घोषणा कर दे, तो प्रदेश में राजनीतिक स्थिति स्पष्ट हो जाएगी। सम्मेलन में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटने का आह्वान किया गया।

