प्रतापगढ़ के छोटी सादड़ी से करीब 3 किलोमीटर दूर स्थित श्री घाटीवाले बालाजी मंदिर में रविवार रात चोरी का प्रयास हुआ। आधा दर्जन नकाबपोश बदमाश मंदिर परिसर में घुसे और वहां रखी गदा चुराने का प्रयास किया। इसी दौरान पुजारी के जाग जाने पर बदमाशों ने गाली-गलौच करते हुए पत्थरबाजी शुरू कर दी और मौके से फरार हो गए। CCTV कैमरों को कपड़े से ढकने की कोशिश बदमाशों ने अपनी पहचान छिपाने के लिए मंदिर परिसर में लगे CCTV कैमरों को कपड़े से ढकने का प्रयास किया। हालांकि चोरी के प्रयास की पूरी घटना CCTV कैमरों में रिकॉर्ड हो गई। वारदात के दौरान सभी बदमाशों ने चेहरे कपड़े से ढक रखे थे। पुजारी के जागने और बदमाशों द्वारा पत्थरबाजी शुरू करने से मंदिर परिसर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। पहले भी चुरा ले गए थे दानपात्र श्री घाटीवाले बालाजी मंदिर में चोरी का यह पहला प्रयास नहीं है। इससे पहले भी बदमाश मंदिर से दानपात्र चोरी कर ले गए थे। उस घटना के बाद मंदिर प्रबंधन ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करते हुए मजबूत दानपात्र स्थापित किया था। इसके बावजूद बदमाशों ने एक बार फिर मंदिर को निशाना बनाया। मंदिर में बार-बार चोरी के प्रयास से रोष मंदिर में लगातार चोरी के प्रयासों से श्रद्धालुओं और मंदिर प्रबंधन में रोष है। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में धार्मिक स्थलों को लगातार निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने पुलिस से CCTV फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद होगी कार्रवाई छोटी सादड़ी थाना अधिकारी कैलाश चंद्र सोनी ने बताया कि बालाजी मंदिर के पुजारी की ओर से अभी तक मामले में रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई है। उन्होंने कहा कि रिपोर्ट दर्ज होने के बाद CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।

