सहारनपुर के थाना देवबंद में बिजली कटौती को लेकर देवबंद क्षेत्र में देर रात से ग्रामीणों का हंगामा जारी है। पूर्व कैबिनेट मंत्री स्व.राजेंद्र सिंह राणा के बेटे कार्तिकेय राणा के नेतृत्व में ग्रामीणों ने सड़क पर जाम लगा दिया। इस दौरान मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों के सामने कार्तिकेय राणा और देवबंद सीओ अमित सिंह के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। कार्तिकेय राणा ने बिजली विभाग के अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि गांवों में सरकार के दावे के मुताबिक 20 घंटे बिजली नहीं मिल रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि 24 घंटे में महज 12 से 13 घंटे ही बिजली मिल पा रही है। उन्होंने कहा कि जिस समय लोग रात में सोते हैं और किसानों को काम करना होता है, उसी समय बिजली काट दी जाती है। मौके पर कार्तिकेय राणा ने बिजली विभाग के अधिकारी से कहा कि यदि वह लिखित में बिजली आपूर्ति की व्यवस्था सुनिश्चित करने का आश्वासन देंगे, तभी जाम खोला जाएगा। उन्होंने कहा कि यह रोज की समस्या है और ग्रामीण लगातार परेशान हैं। कार्तिकेय राणा ने अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर समस्या का समाधान करने की मांग की। इसी दौरान देवबंद सीओ अमित सिंह ने कार्तिकेय राणा से कहा कि किसी अधिकारी के व्यवहार को लेकर शिकायत है तो निर्धारित स्तर पर शिकायत की जानी चाहिए। सड़क जाम करना इसका उचित तरीका नहीं है। इस पर कार्तिकेय राणा ने अधिकारियों की कार्यप्रणाली और सुनवाई नहीं होने को लेकर नाराजगी जताई। बातचीत के दौरान कार्तिकेय राणा ने अधिकारियों पर राजनीतिक दबाव में काम करने का आरोप लगाते हुए कहा, मंत्री की चापलूसी करो खाली, हम दो बार के मंत्री रह चुके हैं, वो एक बार मंत्री रहे। उन्होंने कहा कि ग्रामीण कई घंटे से सड़क पर बैठे हैं और उनके पशु भी भूखे खड़े हैं। कार्तिकेय राणा ने अधिकारियों से मौके पर ही बिजली की समस्या का समाधान कराने की मांग की। हंगामे के दौरान पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी ग्रामीणों को समझाने में जुटे रहे।

