भोपाल में छात्रों ने तीन कारों को ठोका:स्कूल स्टाफ की गाड़ियों को मारी टक्कर, आरोपियों की सरेराह पिटाई का वीडियो

भोपाल में छात्रों ने तीन कारों को ठोका:स्कूल स्टाफ की गाड़ियों को मारी टक्कर, आरोपियों की सरेराह पिटाई का वीडियो

भोपाल में बुधवार को करोंद की सड़क पर तीन कारों में सवार युवक-युवतियों के कथित रोड रैश ने हड़कंप मचा दिया। आरोप है कि तेज रफ्तार में दौड़ रही एसयूवी, वर्ना और फ्रॉन्क्स कारों ने रास्ते में कई वाहनों को टक्कर मारी। इनमें सागर पब्लिक स्कूल का स्टाफ भी शामिल था। आरोप है कि कारों में सवार युवकों ने महिला स्टाफ के साथ अभद्रता और छेड़छाड़ की। विरोध करने पहुंचे स्कूल के पुरुष कर्मचारियों की गाड़ी को भी टक्कर मार दी गई। सबसे गंभीर सवाल हादसे के बाद पुलिस की कार्रवाई को लेकर उठ रहे हैं। पीड़ित स्टाफ का आरोप है कि डायल-112 पर सूचना देने के बावजूद निशातपुरा थाने से करीब एक घंटे तक कोई पुलिसकर्मी मौके पर नहीं पहुंचा। थाने का स्टाफ फोन पर लगातार लोकेशन पूछता रहा। वहीं राहगीरों ने एक युवक और युवती को मौके पर ही पकड़ लिया। उनकी जमकर पिटाई की गई। इसका वीडियो भी सामने आया है। स्कूल स्टाफ की गाड़ियों को पीछे से मारी टक्कर घटना सुबह करीब सात बजे की है। बच्चों की छुट्टियां होने के कारण सागर पब्लिक स्कूल का स्टाफ बस और अलग-अलग निजी वाहनों से स्कूल जा रहा था। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में तीन कारें आईं। कारों में सवार युवक-युवतियां नशे की हालत में थे और उन्होंने रास्ते में चल रहे वाहनों को टक्कर मारना शुरू कर दिया। पहले एक बैटरी ऑटो समेत दो वाहनों को टक्कर लगी। इसके बाद स्कूल स्टाफ की गाड़ियां भी चपेट में आ गईं। महिला स्टाफ को लेकर जा रही गाड़ी के साथ कथित तौर पर अभद्रता की गई। पीछे से आ रहे पुरुष कर्मचारियों ने जब बीच-बचाव करने की कोशिश की तो उनकी गाड़ी को भी टक्कर मार दी गई। हादसे में वाहन असंतुलित होकर सड़क पर पलट गए। डिवाइडर से टकराई कार रोड रैश के दौरान आरोपियों की एक कार डिवाइडर से टकराकर रुक गई। दूसरी गाड़ी भी कुछ दूरी पर रुक गई। इनमें से एक वाहन से तीन युवक और एक युवती नीचे उतरे। आरोप है कि उन्होंने स्कूल की महिला स्टाफ के साथ फिर अभद्रता की। इसी दौरान एक युवती ने दूसरी कार के कांच फोड़ दिए। सभी आरोपी दूसरी कारों में सवार होकर भाग निकले। पुलिस अब पूरे घटनाक्रम में शामिल सभी लोगों की पहचान और भूमिका पता करने में जुटी है। घटना के बाद करीब दर्जनभर लोग निशातपुरा थाने पहुंचे। पुलिस उनके बयान दर्ज कर रही है। थाना प्रभारी बोले सभी आरोपी छात्र हैं निशातपुरा थाने के प्रभारी मनोज पटवा ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जा रही है। सभी चार आरोपियों की पहचान कर ली गई है। चारों रायसेन रोड पर स्थित दो अलग-अलग कॉलेज में बी.टेक की पढ़ाई कर रहे हैं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *