भीड़ में ब्रेक की जगह दबा दी कार की एक्सीलेटर, 1 की मौत और 6 घायल, देखें दर्दनाक वीडियो

भीड़ में ब्रेक की जगह दबा दी कार की एक्सीलेटर, 1 की मौत और 6 घायल, देखें दर्दनाक वीडियो

Mumbai Malad Crash: मुंबई के मलाड वेस्ट से एक दर्दनाक हादसे का CCTV वीडियो सामने आया है। वीडियो में एक कार अचानक सिग्नल पर खड़े वाहनों को टक्कर मारती नजर आ रही है। देखते ही देखते एक बाइक और तीन ऑटो रिक्शा कार की चपेट में आ गए। हादसे में 34 साल की एक महिला की मौत हो गई। छह लोग घायल हुए हैं। हादसे का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है।

सिग्नल पर खड़ी बाइक और ऑटो को मारी टक्कर

यह हादसा रविवार रात करीब 8 बजे हुआ। घटना ममलतदारवाड़ी-SV रोड जंक्शन की है। उस समय सड़क पर काफी भीड़ थी। कई वाहन सिग्नल पर खड़े थे। इसी दौरान एक कार तेज रफ्तार में आगे बढ़ी। कार ने पहले बाइक को टक्कर मारी। इसके बाद तीन ऑटो रिक्शा भी उसकी चपेट में आ गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कुछ ही सेकंड में चौराहे पर अफरा-तफरी मच गई। CCTV फुटेज में हादसे का पूरा घटनाक्रम कैद हुआ है। लोग घायलों की मदद के लिए दौड़ते दिखाई दिए।

बाइक पर पति के पीछे बैठी थीं प्रियंका

इस हादसे में प्रियंका सातरा की जान चली गई। उनकी उम्र 34 साल थी। वह लॉ ग्रेजुएट थीं। वह दो बच्चों की मां भी थीं। हादसे के वक्त प्रियंका अपने पति मयंक के साथ बाइक पर थीं। मयंक बाइक चला रहे थे। तभी कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद दोनों सड़क पर गिर गए। प्रियंका को तुरंत अस्पताल ले जाया गया। लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनके पति मयंक को भी गंभीर चोटें आईं। उन्हें फ्रैक्चर और पीठ में चोट लगी है। उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है।

गलती से दबा एक्सीलेटर

पुलिस ने कार चालक कृष्णा चमनकर को गिरफ्तार कर लिया है। उनकी उम्र 70 साल बताई जा रही है। पुलिस के मुताबिक, चमनकर ने कहा कि उनसे गलती हो गई थी। वह मलाड सबवे से SV रोड की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान उन्होंने ब्रेक की जगह गलती से एक्सीलेटर दबा दिया। इसके बाद कार बेकाबू होकर सिग्नल पर खड़े वाहनों से जा टकराई। मेडिकल जांच में उनके खून में शराब नहीं मिली। उन्हें मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया। बाद में 15 हजार रुपये के कैश बॉन्ड पर जमानत मिल गई।

हादसे के बाद पीड़ित परिवार ने ड्राइवर के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। परिवार के कुछ सदस्यों ने पुलिस कस्टडी में ड्राइवर के साथ विशेष व्यवहार का आरोप भी लगाया है। पुलिस ने कहा है कि इस आरोप की जांच की जा रही है। इसके लिए पुलिस स्टेशन के CCTV फुटेज भी देखे जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *