भिवानी जिले के गांव जुई स्थित एक मेडिकल स्टोर पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने छापेमारी कर 9 अवैध एमटीपी किट बरामद की। छापेमारी के दौरान किट को छुपाने का अनोखा तरीका सामने आया, जहां आरोपी ने अवैध किट को पाजामे के अंदर छिपाकर रखा हुआ था। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। स्वास्थ्य विभाग को जुई गांव के एक मेडिकल स्टोर पर बिना किसी वैध अनुमति के अवैध रूप से एमटीपी किट बेचे जाने की गुप्त सूचना मिली थी। इसके तुरंत बाद विभाग की ओर से एक विशेष टीम का गठन किया। टीम ने मौके पर दबिश दी और जब दुकान की गहन तलाशी ली, तो पाजामे में छिपाकर रखी गई एक अवैध एमटीपी किट बरामद हुईं। जिसके बाद मेडिकल स्टोर की तलाश करने पर प्लास्टिक के कट्टे में छिपाकर रखी गई 8 अवैध एमटीपी और बरामद हुईं। इस प्रकार कुल 9 अवैध एमटीपी किट बरामद हुईं हैं। बरामद किट को किया सील
छापेमारी टीम में एमटीपी एवं पीएनडीटी नोडल ऑफिसर डॉ. अन्नू चौधरी, ड्रग कंट्रोलर डॉ. सुरेंद्र कुमार, हेल्थ इंस्पेक्टर जगदीश प्रसाद, सहायक प्रवीन कुमार , चालक कृष्ण कुमार मौजूद थे। मौके पर मौजूद पुलिस टीम की निगरानी में बरामद किटों को जब्त कर सील कर दिया है। ड्रग कंट्रोलर और नोडल ऑफिसर द्वारा मेडिकल स्टोर संचालक के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि अवैध भ्रूण हत्या और प्रतिबंधित दवाओं की बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए जिले में यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

