भावनगर. पश्चिम रेलवे के भावनगर मंडल के लोको पायलटों ने मंगलवार को एशियाई शेर को सुरक्षित बचाया।मंडल रेल प्रबंधक दिनेश वर्मा के मार्गदर्शन तथा वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर (ट्रैक्शन) विजेन्द्र कुमार मीणा के नेतृत्व में लोको पायलटों को वन्यजीव क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने के लिए निरंतर जागरूक एवं निर्देशित किया जा रहा है।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अतुल कुमार त्रिपाठी के अनुसार, इसी सतर्कता का एक उदाहरण मंगलवार को सामने आया। राजुला सिटी-राजुला जंक्शन रेलखंड पर एक एशियाई शेर रेलवे ट्रैक पार करता हुआ दिखाई दिया। मालगाड़ी का संचालन कर रहे लोको पायलट रिकेश कुमार भाटिया एवं वरिष्ठ सहायक लोको पायलट कैलाश कुमावत ने एशियाई शेर को रेलवे ट्रैक पर देखते ही तत्काल स्थिति का आकलन किया और इमरजेंसी ब्रेक लगाकर मालगाड़ी को रोक दिया।
उनकी त्वरित कार्रवाई एवं सजगता से एशियाई शेर संभावित रेल दुर्घटना का शिकार होने से बच गया। घटना के तुरंत बाद लोको पायलट द्वारा ट्रेन मैनेजर (गार्ड) एवं राजुला सिटी के उप स्टेशन अधीक्षक को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही वन विभाग के फॉरेस्ट ट्रैकर भरतभाई मौके पर पहुंचे और एशियाई शेर को सुरक्षित रूप से रेलवे ट्रैक से हटाया। स्थिति सामान्य होने के बाद मालगाड़ी को सावधानीपूर्वक गंतव्य की ओर रवाना किया गया।
मंडल रेल प्रबंधक दिनेश वर्मा एवं अपर मंडल रेल प्रबंधक ऋत्विक शर्मा सहित मंडल के वरिष्ठ अधिकारियों ने लोको पायलटों की सतर्कता, त्वरित निर्णय क्षमता, संवेदनशीलता एवं कर्तव्यनिष्ठा की सराहना की।
अहमदाबाद-मुंबई सेंट्रल वीकली सुपरफास्ट स्पेशल ट्रेन के फेरे बढ़ाए
अहमदाबाद. पश्चिम रेलवे द्वारा यात्रियों की मांग एवं सुविधा को ध्यान में रखते हुए अहमदाबाद-मुंबई सेंट्रल के बीच चलने वाली साप्ताहिक सुपरफास्ट स्पेशल ट्रेन के फेरों को बढ़ाया गया है। अहमदाबाद-मुंबई सेंट्रल साप्ताहिक सुपरफास्ट स्पेशल ट्रेन (नं. 09088) को 10 सितंबर से 26 नवंबर तक बढ़ाया है। इसी प्रकार, मुंबई सेंट्रल-अहमदाबाद साप्ताहिक सुपरफास्ट स्पेशल ट्रेन (नं. 09087) को 25 नवंबर तक बढ़ाया गया है।

