भारत ने पिछली बार हैमिल्टन में दर्ज की थी धमाकेदार जीत, जब 2 गेंद पर चाहिए थे 10 रन, रोहित शर्मा ने 2 छक्के मारकर जिताया था मैच

भारत ने पिछली बार हैमिल्टन में दर्ज की थी धमाकेदार जीत, जब 2 गेंद पर चाहिए थे 10 रन, रोहित शर्मा ने 2 छक्के मारकर जिताया था मैच

India vs New Zealand 5th T20I: भारत के शुरुआती तीन मुकाबले जीतने के बाद न्यूजीलैंड ने पांच मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज के चौथे मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए 87 रनों से जीत दर्ज की थी। टीम इंडिया अब अपना आखिरी और पांचवां मुकाबला हैमिल्‍टन के सेडान पार्क में खेला जाएगा। जहां भारत और न्‍यूजीलैंड के बीच अब तक सिर्फ दो टी20 मैच खेले गए हैं और दोनों ने ही एक-एक जीत दर्ज की है। भारत ने यहां खेले अपने पिछला मुकाबला सुपर ओवर में बेहद धमाकेदार अंदाज में जीता था। आइये आपको भी बताते हैं, उस मुकाबले में क्‍या हुआ था।

जानें क्‍या हुआ था हैमिल्‍टन में खेले गए उस मुकाबले में?

भारत और न्‍यूजीलैंड के बीच वह मुकाबला 29 जनवरी 2020 को हैमिल्‍टन में खेला गया था। भारतीय टीम ने उस मैच में टॉस हारकर पहले बल्‍लेबाजी करते हुए स्‍कोर बोर्ड पर निर्धारित 20 ओवर में 179 रन लगाए थे। भारत की ओर से रोहित शर्मा 40 गेंदों पर 6 चौके और 3 छक्‍कों की मदद से 65 रन और विराट कोहली ने 27 गेंदों पर दो चौके और एक छक्‍के की मदद से 38 रन बनाए थे। वहीं, कीवी टीम की ओर से हामिश बेनेट ने सबसे ज्‍यादा तीन विकेट लिए थे।

शतक से चूके केन विलियमसन

भारत से मिले 180 रन के लक्ष्‍य का पीछा करने उतरी न्‍यूजीलैंड की टीम भी निर्धारित ओवर 6 विकेट पर 179 रन ही बना सकी। न्‍यूजीलैंड की ओर से केन विलियमसन ने 48 गेंदों पर 8 चौके और 6 छक्‍कों की मदद से 95 रन और मार्टिन गुप्टिल ने 21 गेंदों पर 2 चौके और 3 छक्‍कों की मदद से 31 रन की पारियां खेली। वहीं, भारत की ओर से शार्दुल ठाकुर और मोहम्‍मद शमी ने दो-दो विकेट चटकाए।

सुपर ओवर का रोमांच

सुपर ओवर में न्‍यूजीलैंड की ओर से केन विलियमसन और मार्टिन गुप्टिल बल्‍लेबाजी के लिए उतरे। जबकि भारत की ओर से जसप्रीत बुमराह गेंदबाजी के लिए आए, जिन्‍होंने अपने उस ओवर में दो चौकों और एक छक्‍के के साथ 17 रन दिए। इसके बाद भारत की ओर से रोहित शर्मा और केएल राहुल बल्‍लेबाजी के लिए उतरे और दोनों पहली चार गेंदों पर सिर्फ 8 रन ही बना सके।

अब यहां से दो गेंदों पर जीत के लिए 10 रन की दरकार थी। टिम साउदी की पांचवीं गेंद पर रोहित ने लॉन्‍ग ऑन के ऊपर से छक्‍का उड़ाकर मारकर क्रिकेट फैंस को जोश से भर दिया। अब यहां से आखिरी गेंद पर एक बाउंड्री की जरुरत थी। इस बार रोहित ने लॉन्‍ग ऑफ के ऊपर से छक्‍का लगाया और भारत की जीत सुनिश्‍चत की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *