मुरैना शहर के पटी गली क्षेत्र में बुधवार देर रात भाजपा नेत्री और जिला उपाध्यक्ष मधु दंडोतिया के घर पर बाइक सवार दो बदमाशों ने फायरिंग कर दी। दोनों बदमाश गली में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गए। घटना के बाद से मधु दंडोतिया का परिवार दहशत में है। पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। बेटों से मारपीट के बाद दी थी गोली चलाने की धमकी मधु दंडोतिया के अनुसार, बुधवार शाम करीब 5 बजे उनके बेटों के साथ कान्हा दंडोतिया और उसके साथी ने मारपीट की थी। इसके बाद उन्होंने कान्हा दंडोतिया के खिलाफ कोतवाली थाने में FIR दर्ज कराई। मधु दंडोतिया का आरोप है कि FIR दर्ज होने के बाद कान्हा ने उन्हें धमकी दी थी कि वह रात में उनके घर पर गोली चलाएगा। इसके बाद रात करीब डेढ़ बजे कान्हा एक साथी के साथ बाइक से उनके घर पहुंचा और फायरिंग कर दी। आरोपी के पिता पर भी धमकी देने का आरोप मधु दंडोतिया का आरोप है कि आरोपी के पिता विजय दंडोतिया ने भी गुरुवार को उन्हें धमकी दी। उन्होंने कहा कि FIR क्यों करवाई, जेल से बाहर आने के बाद तुम्हें और बच्चों को जान से मार देंगे। मधु दंडोतिया ने कहा कि लगातार मिल रही धमकियों के कारण परिवार के लिए घर में रहना मुश्किल हो गया है। उन्होंने फायरिंग की घटना को लेकर पुलिस में दोबारा शिकायत की है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। CCTV में कैद हुए बाइक सवार फायरिंग के बाद पुलिस ने आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज में बाइक सवार दो युवक गली में आते और फायरिंग के बाद वहां से जाते दिखाई दे रहे हैं। सीएसपी दीपाली चंदेरिया ने बताया कि मारपीट के मामले में पहले ही केस दर्ज किया गया था। अब फायरिंग की घटना को लेकर भी मामला दर्ज किया जा रहा है। पुलिस की टीमें आरोपियों की तलाश में लगी हैं। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।


