सत्ता-संगठन के कामकाज पर कई मंत्रियों ने ही उठाए सवाल नए प्रदेश प्रभारी बिप्लब कुमार देव और प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर तिवारी के साथ हुई पहली कोर ग्रुप बैठक में सत्ता-संगठन के कामकाज को लेकर तल्खी सामने आई। सूत्रों के मुताबिक डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ला ने अफसरों के रवैये पर सवाल उठाते हुए कहा कि अफसर काम नहीं कर रहे। उन्होंने एनएसयूआई कार्यकर्ताओं के घर में घुसने की घटना का जिक्र करते हुए इसे चिंता की बात बताया। इस पर सीएम डॉ. मोहन यादव ने कहा- आपके पास महत्वपूर्ण विभाग है, फिर भी कफ सिरप जैसी घटना कैसे हो जाती है। शिवराज बोले- कलेक्टर प्रोटोकॉल तक का पालन नहीं करते… केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा-मैं संसदीय क्षेत्र में आता-जाता हूं, कलेक्टर प्रोटोकॉल तक का पालन नहीं करते।
कैलाश बोले-सीएम से 15-15 दिन बात नहीं हो पाती… मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा-कोशिश के बावजूद सीएम से 15-15 दिन तक बात नहीं हो पाती। मंत्री प्रहलाद पटेल और भाजपा उपाध्यक्ष लाल सिंह ने संगठन की स्थिति सुधारने की बात कही। प्रदेश प्रभारी बोले-3 महीने में गुटबाजी खत्म करो, नहीं मानें तो नाम भेजो
मप्र भाजपा के नए प्रभारी बिप्लब कुमार देव ने संगठन में गुटबाजी खत्म करने के लिए जिला और संभाग प्रभारियों को तीन महीने की डेडलाइन दी है। पहले बातचीत और समझाइश से मतभेद दूर करें, नहीं मानें तो नाम और मोबाइल नंबर प्रदेश नेतृत्व को भेजें। प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक में उन्होंने कहा कि होर्डिंग में नेताओं की बड़ी तस्वीरों के बजाय योजनाओं को प्रमुखता दें। जेसीबी से फूल बरसाने और महंगे गिफ्ट देने की परंपरा बंद करें।

