भरत तिवारी के घर पहुंचे मनोज तिवारी, बहन ने बांधी राखी; बोलीं- अब भाई का फर्ज निभाइए, न्याय दिलाइए

भरत तिवारी के घर पहुंचे मनोज तिवारी, बहन ने बांधी राखी; बोलीं- अब भाई का फर्ज निभाइए, न्याय दिलाइए

Bharat Tiwari Family: बीजेपी सांसद मनोज तिवारी ने बिलौटी गांव में भरत तिवारी के परिवार से मुलाकात की। उन्होंने भरत तिवारी की तस्वीर पर माला चढ़ाकर उन्हें श्रद्धांजलि दी और परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। इस दौरान भरत की बहन ने मनोज तिवारी को राखी बांधी और उनसे एक भाई का फर्ज निभाते हुए न्याय दिलाने का आग्रह किया। 

Bharat Tiwari Case: बिहार के भोजपुर जिले के शाहपुर प्रखंड के बिलौटी गांव में 17 जून को हुए कथित पुलिस एनकाउंटर में मारे गए भरत भूषण तिवारी के परिजनों से मिलने भाजपा सांसद मनोज तिवारी सोमवार को उनके घर पहुंचे। जहां उन्होंने मृतक भरत तिवारी की तस्वीर पर माला चढ़ाकर श्रद्धांजलि दी और शोक संतप्त परिवार के सदस्यों के प्रति संवेदना व्यक्त की। इस दौरान बक्सर के विधायक आनंद मिश्रा और स्थानीय शाहपुर विधायक राकेश ओझा भी सांसद मनोज तिवारी के साथ थे। परिवार ने सांसद को पूरी घटना के बारे में बताया और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

भरत तिवारी की बहन ने मनोज तिवारी को बांधी राखी

बिलौटी गांव में मुलाकात के दौरान मृतक भरत तिवारी की बहन ने सांसद मनोज तिवारी और उनके साथ पहुंचे विधायकों की कलाई पर राखी बांधी। राखी बांधने के बाद उन्होंने कहा, “भैया, अब एक भाई का फर्ज निभाइए। आपने हमेशा मुझे भरोसा दिलाया है कि आप हमारी रक्षा करेंगे और न्याय दिलाकर मेरे भाई को वापस लाएंगे।”

भरत तिवारी की बहन ने भरोसा जताया कि सांसद मनोज तिवारी उनके परिवार को न्याय दिलाएंगे और कहा कि जिस दिन दोषियों को सजा मिलेगी, उन्हें ऐसा लगेगा जैसे उनका भाई वापस आ गया हो। जब वहां मौजूद लोगों ने पूछा कि घटना के दो महीने बाद मनोज तिवारी क्यों आ रहे हैं, तो बहन ने बताया कि सांसद पहले ही परिवार से मिल चुके थे और लगातार मदद कर रहे थे।

भरत तिवारी के पिता का छलका दर्द

मुलाकात के दौरान, भरत तिवारी के पिता काशीनाथ तिवारी ने मनोज तिवारी को बताया कि उनका बेटा बहुत होनहार नौजवान था, लेकिन इस घटना ने परिवार से सब कुछ छीन लिया। परिवार का कहना है कि भरत का कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं था और 17 जून को हथियार डालकर सरेंडर करने की कोशिश के बावजूद पुलिस ने गोली चला दी, जिससे उसकी मौत हो गई।

क्या बोले मनोज तिवारी

बीजेपी सांसद मनोज तिवारी ने भरत तिवारी के परिवार से मुलाकात के बाद कहा कि भरत तिवारी ने हमेशा गांव और समाज की भलाई के लिए काम किया। उन्होंने गांव वालों से शांति और भाईचारा बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि गांव में किसी भी मुद्दे या मतभेद को आपसी बातचीत से सुलझाया जाना चाहिए। सांसद ने परिवार और गांव वालों को भरोसा दिलाया कि इस मामले में दोषी पाए जाने वालों को निश्चित रूप से कड़ी सजा मिलेगी।

मनोज तिवारी ने बताया कि 17 जून की दुखद घटना के बाद परिवार ने 17 अगस्त को गरीबों के लिए एक सामुदायिक भोज का आयोजन किया था और वह इस मौके पर पीड़ित परिवार के साथ खड़े होने आए थे। उन्होंने कहा कि वह शुरू से ही परिवार के साथ मजबूती से खड़े रहे हैं, उनकी चिंताओं और दुख को समझते हैं और न्याय की लड़ाई को आगे बढ़ाने के लिए हर संभव कोशिश करते रहेंगे।

  

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *