बूंदी जिले के करवर थाना क्षेत्र में जहरीले सांप के डसने से 36 वर्षीय महिला की मौत हो गई। महिला को गंभीर हालत में इलाज के लिए कोटा मेडिकल कॉलेज अस्पताल लाया गया था, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। मृतका की पहचान सहण गांव निवासी भरोसी बाई के रूप में हुई है। भैंसों को चारा डालने गई थी परिजनों ने बताया कि बुधवार को भरोसी बाई खेत पर भैंसों को चारा डालने गई थी। इसी दौरान वहां मौजूद ब्लैक कोबरा ने उसके हाथ में काट लिया। महिला ने सांप को अपने हाथ से हटाकर दूर फेंक दिया और परिजनों को आवाज लगाई व घटना के बारे में बताया। महिला के देवर हंसराज ने कहा कि आवाज सुनकर हम दौड़े तो सांप वहीं बैठा हुआ था। महिला को तुरंत इलाज के लिए कोटा मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर आए, जहां गंभीर हालत होने के कारण इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया। परिजनों के अनुसार भरोसी बाई के तीन बच्चे हैं। उसके पति का करीब 5 से 6 वर्ष पहले निधन हो चुका था।

