बैतूल के भीमपुर विकासखंड के घोघरा घाट पर मंगलवार शाम 21 वर्षीय छात्र पवन सोनारे ताप्ती नदी के तेज बहाव में बह गया। वह चार-पांच दोस्तों के साथ दो बाइक से यहां घूमने और नहाने पहुंचा था। दोस्तों के मुताबिक, नहाते समय पवन का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में गिरने के बाद तेज धारा में बह गया। घटना के बाद से उसका पता नहीं चल सका है। पवन भैंसदेही के बरहापुर गांव का रहने वाला है और पसराम सोनारे का बेटा है। वह इंदौर के अहिल्याबाई होलकर कॉलेज में फाइनल ईयर का छात्र था। परीक्षाएं खत्म होने के बाद वह करीब एक महीने पहले ही घर लौटा था। मंगलवार को दोस्तों के साथ ताप्ती नदी के घोघरा घाट घूमने गया था। दोस्तों ने घर पर ताप्ती के बारह लिंग क्षेत्र जाने की बात कही थी। तीसरी बार नहाने के दौरान पैर फिसला दोस्तों ने पुलिस को बताया कि पवन नदी में दो बार नहा चुका था। तीसरी बार पानी में उतरने के दौरान उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में गिरकर तेज बहाव में बह गया। साथ आए दोस्तों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन नदी की तेज धारा के कारण वे उसे पकड़ नहीं सके। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस और एसडीईआरएफ को सूचना दी गई। रात में नहीं हो सका सर्च ऑपरेशन घटना की सूचना रात 7:22 बजे बैतूल पुलिस कंट्रोल रूम और भीमपुर चौकी प्रभारी ने एसडीईआरएफ को दी। जिला सेनानी के निर्देश पर प्रभारी सुनीता पंद्रे के नेतृत्व में पांच जवानों की टीम रात 8:47 बजे बैतूल से रवाना हुई। टीम करीब 11:15 बजे भीमपुर पहुंच गई। अंधेरा और ताप्ती नदी के तेज बहाव के कारण रात में घटनास्थल पर सर्च ऑपरेशन शुरू नहीं किया जा सका। सुबह करीब 6:45 बजे टीम घोघरा घाट के लिए रवाना हुई। बैतूल से घटनास्थल की दूरी करीब 80 किलोमीटर है। इसके बाद नदी में पवन की तलाश शुरू की गई। एसडीईआरएफ प्रभारी सुनीता पंद्रे और भीमपुर एएसआई सुरेश सिंह मौके पर मौजूद हैं। तेज बहाव और गहराई के कारण तलाश में मुश्किल घोघरा घाट पर ताप्ती नदी का बहाव तेज है। नदी की गहराई और तेज धारा के कारण रेस्क्यू टीम को सर्च ऑपरेशन में परेशानी आ रही है। टीम संभावित स्थानों और बहाव वाले क्षेत्र में युवक की तलाश कर रही है। फिलहाल पवन का कोई पता नहीं चल सका है और रेस्क्यू अभियान जारी है। पवन दो भाइयों में छोटा है। उसका बड़ा भाई चेतन भोपाल में फिजियोथैरेपिस्ट का कोर्स कर रहा है। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजन और ग्रामीण भी घोघरा घाट पहुंच गए हैं और पवन के मिलने का इंतजार कर रहे हैं। पिकनिक के लिए पहुंचते हैं लोग घोघरा घाट ताप्ती नदी के किनारे होने के कारण आसपास के लोग यहां घूमने और पिकनिक के लिए पहुंचते हैं। बारिश के दौरान ताप्ती में पानी और बहाव बढ़ने से नदी में उतरना जोखिम भरा हो जाता है। प्रशासन और रेस्क्यू टीम लोगों से तेज बहाव के दौरान नदी में नहीं उतरने और चट्टानों के आसपास जाने से बचने की अपील कर रही है। फिलहाल पुलिस और एसडीईआरएफ की टीम पवन सोनारे की तलाश में जुटी हुई है।

