राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) के अध्यक्ष और नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल सीएम भजनलाल शर्मा, पूर्व सीएम अशोक गहलोत और पूर्व मंत्री हरीश चौधरी पर निशाना साधा। बेनीवाल ने सीएम और पूर्व सीएम पर पंचायतीराज चुनाव का ढर्रा बिगाड़ने का आरोप लगाया। साथ ही पूर्व मंत्री हरीश चौधरी पर तंज कसते हुए कहा कि उनका कोई फ्यूचर नहीं बचा है। पंचायत चुनाव को लेकर की जनसभा दरअसल हनुमान बेनीवाल रविवार को बालोतरा जिले के दौरे पर रहे। उन्होंने पंचायतीराज चुनाव में पार्टी प्रत्याशियों के समर्थन में कोरणा, गिड़ा, सिणधरी और भीमथल में जनसभाएं कीं। सभाओं में ग्रामीणों, युवाओं, किसानों और पार्टी कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। हरीश चौधरी पर भी साधा निशाना बालोतरा दौरे के दौरान मीडिया से बातचीत में बेनीवाल ने कांग्रेस नेता हरीश चौधरी पर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा-हरीश चौधरी पहले अशोक गहलोत का थैला उठाते थे, लेकिन अब उन्हीं के खिलाफ बोल रहे हैं। अब उनका कोई फ्यूचर नहीं बचा है। पंचायतीराज चुनाव को लेकर कांग्रेस-बीजेपी पर निशाना बेनीवाल ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने पंचायतीराज व्यवस्था का ढर्रा बिगाड़ा और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने उसे उनसे भी ज्यादा बिगाड़ दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि अलग-अलग दौर में चुनाव करवाकर राजस्थान की जनता को परेशान किया जा रहा है। उन्होंने परिसीमन की प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए। बेनीवाल ने चुनावी प्रक्रिया में कथित गड़बड़ियों का आरोप लगाते हुए कहा-चुनावों में वोट काटने और जोड़ने का काम किया जा रहा है। उन्होंने भाजपा पर चुनावों में गुंडागर्दी करने का आरोप लगाया और पंचायतीराज चुनावों में निष्पक्षता व पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की। कर्जमुक्त किसान और युवाओं को रोजगार का मुद्दा उठाया बेनीवाल ने कहा-RLP केवल चुनाव लड़ने के लिए राजनीति नहीं कर रही, बल्कि व्यवस्था में बदलाव के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी कर्जमुक्त किसान, मजबूत लोकायुक्त, भ्रष्टाचार मुक्त शासन, अपराध मुक्त राजस्थान, युवाओं को रोजगार और आम लोगों के अधिकारों के लिए संघर्ष कर रही है। उन्होंने कहा कि सत्ता बदलने के बावजूद आम लोगों की बुनियादी समस्याएं हल नहीं हुई हैं। किसान कर्ज के बोझ में हैं और युवा रोजगार के लिए संघर्ष कर रहे हैं। किसानों को उनकी उपज का उचित दाम नहीं मिल रहा है। शिक्षा और चिकित्सा जैसी बुनियादी सुविधाओं में भी सुधार की जरूरत है। उन्होंने भ्रष्टाचार और कानून-व्यवस्था को लेकर भी चिंता जताई। बेनीवाल ने कहा कि पार्टी इन मुद्दों पर सड़क से सदन तक आवाज उठा रही है। RLP ऐसी व्यवस्था चाहती है, जिसमें शासन और प्रशासन जनता के प्रति जवाबदेह हों और आम लोगों को न्याय व उनके अधिकार मिलें। गिड़ा में कार्यकर्ताओं के साथ मंच पर किया डांस गिड़ा में चुनावी सभा के बाद बेनीवाल ने मंच पर कार्यकर्ताओं के साथ डीजे की धुन पर डांस किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं में उत्साह नजर आया।

