शहडोल जिले के बुढार में चोरी का आरोपी पकड़ा गया है। वार्ड नंबर-5 में रहने वाली 40 वर्षीय सुमन सोनकर के घर का दरवाजा तोड़कर चोर ने करीब 80 हजार रुपए मूल्य के नकदी व चांदी के जेवर पार कर दिए थे। पीड़िता ने यह रकम मजदूरी कर अपनी बेटी की शादी के लिए पाई-पाई जोड़कर रखी थी। पीड़िता सुमन सोनकर मजदूरी कर अपने परिवार का पेट पालती हैं। उन्होंने बताया कि बेटी के हाथ पीले करने के लिए उन्होंने धीरे-धीरे पैसे बचाकर घर में रखे थे। घटना वाली शुक्रवार की रात वह घर के दूसरे कमरे में सो रही थीं, तभी चोर ने दरवाजे का कुंडा तोड़ा और कमरे में रखी नकदी व जेवरात समेटकर रफूचक्कर हो गया। होटल में काम करता था आरोपी बुढार पुलिस ने मामला दर्ज कर तुरंत आसपास के इलाके में संदिग्धों से पूछताछ शुरू की। जांच के दौरान वार्ड नंबर-5 (एसबीआई बैंक के पीछे) निवासी और होटल में काम करने वाले सुनील सिंह पर पुलिस का संदेह गहराया। जब पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की, तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस को चोरी किए गए 61 हजार रुपए और चांदी के जेवरात (कुल कीमत करीब 80 हजार रुपए) मिले हैं।

