Rhiti Tiwari entry in Bigg Boss 20 New Promo out: रियलिटी शो ‘बिग बॉस 20’ (Bigg Boss 20) के घर में एक बार फिर ऐसा अप्रत्याशित तूफान आया है, जिसने घर के सभी सदस्यों को हैरान कर दिया है। हाल ही में कैप्टेंसी के तीन मजबूत दावेदारों- माही विज, उदिति सिंह और यंग डीएसए द्वारा मिड-वीक एलिमिनेशन में बेघर की गईं रीति तिवारी (Rhiti Tiwari) को लेकर शो के होस्ट सलमान खान (Salman Khan) ने एक धमाकेदार खुलासा किया है। शो के नए प्रोमो में सलमान खान रीति को लेकर बात करते नजर आ रहे हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि सबको लगा था कि रीति चली गईं, लेकिन उनकी लाइफलाइन के बारे में सब भूल गए थे।
सलमान खान ने रीति को लेकर क्या कहा?
बिग बॉस 20 का जो नया प्रोमो सामने आया है, उसमें देखा जा सकता है कि ‘वीकेंड के वार’ के दौरान सलमान खान घर के सदस्यों को रीति के लिए खरी खोटी सुना रहे हैं।
सलमान खान कहते हैं, “रीति तिवारी घर से चली गई। आप सब लोगों ने उसे चढ़ाया। उसने अपनी गलती मानी, माफी भी मांगी। लेकिन आपने उसे यह साबित करने का कभी मौका ही नहीं दिया कि उसमें वाकई कोई बदलाव आया है। ऐसे में आप लोगों को लगा कि वह हमेशा के लिए चली गई, मुझे भी लगा कि वह चली गई और बिग बॉस को भी लगा कि वह चली गई। पर याद रखिए, इस सीजन की थीम क्या है? ‘तथास्तु’!”
सलमान खान के इस ‘तथास्तु’ वाले डायलॉग के साथ ही किसी के आने की आवाज आती है और सभी घरवाले चिल्लाने लगते हैं। अब इस वीडियो के सामने आने के बाद लोगों का कहना है कि रीति तिवारी की दोबारा एंट्री हो गई है।
क्या ‘सीक्रेट रूम’ से खेल रही थीं रीति?
बता दें, जब उदिति सिंह ने ‘गेम में कम योगदान’ का हवाला देते हुए रीति तिवारी का नाम लिया था, तब से ही सोशल मीडिया पर उनके फैंस लगातार विरोध दर्ज करा रहे थे। बेघर होने के बाद रीति ने सोशल मीडिया पर काजी तौकीर के साथ तस्वीरें शेयर करते हुए एक रहस्यमयी पोस्ट लिखा था, जिसमें उन्होंने कहा था- “जब मैं वापस आऊंगी, फिर से तुम्हारे साथ रहूंगी।”
अब माना जा रहा है कि रीति को असल में बेघर नहीं किया गया था, बल्कि उन्हें ‘सीक्रेट रूम’ (Secret Room) में रखा गया था, जहां से वह घर के अंदर चल रही हर साजिश और रणनीति पर अपनी नजर बनाए हुए थीं।
बदले समीकरण, अब शुरू होगा असली ‘गेम’?
माना जा रहा है कि रीति तिवारी की वापसी के साथ ही घर का माहौल पूरी तरह बदलने वाला है। उदिति सिंह, माही विज जिन्होंने रीति के बाहर जाने पर राहत की सांस ली थी, अब रीति के सीधे निशाने पर होंगे। सलमान खान द्वारा ‘तथास्तु’ थीम का जिक्र करने से साफ है कि दर्शकों और रीति की इच्छाओं को मेकर्स ने इस ट्विस्ट के जरिए पूरा किया है।
अब देखना यह दिलचस्प होगा कि ‘सीक्रेट रूम’ से घर वालों के असली चेहरों को देखकर लौटीं रीति तिवारी किस तरह अपना बदला लेती हैं और ‘बिग बॉस 20’ के खेल को किस नए मोड़ पर ले जाती हैं।



