बुलंदशहर में कानून-व्यवस्था और बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की समीक्षा के लिए सोमवार शाम करीब 6 बजे जिला जज संजय सिंह, जिलाधिकारी कुमार हर्ष और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार सिंह ने राजकीय सम्प्रेक्षण गृह (किशोर) और जिला कारागार का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। राजकीय सम्प्रेक्षण गृह (किशोर) के निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बाल बंदियों को दी जा रही खान-पान, स्वास्थ्य और अन्य मूलभूत सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने परिसर में साफ-सफाई और व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया। इस दौरान सुरक्षा के दृष्टिगत कराई जा रही चारदीवारी के निर्माण कार्य का भी जायजा लिया गया। जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि बाउंड्रीवॉल का निर्माण कार्य गुणवत्तापूर्ण तरीके से जल्द पूरा कराया जाए, ताकि परिसर की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत हो सके। निरीक्षण के दौरान मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट अस्मा सुल्ताना, प्रधान मजिस्ट्रेट किशोर न्याय बोर्ड प्रथम निवेदिता सिंह, जिला प्रोबेशन अधिकारी जय प्रकाश यादव, अधिशासी अभियंता लोनिवि राहुल शर्मा और जेल अधीक्षक रमेश यादव सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। जिला कारागार में भी व्यवस्थाएं परखी सम्प्रेक्षण गृह के निरीक्षण के बाद जिलाधिकारी कुमार हर्ष और एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से जिला कारागार का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बंदियों के लिए की गई सुरक्षा व्यवस्था, बैरकों की साफ-सफाई और खान-पान की व्यवस्थाओं को देखा। अधिकारियों ने जेल प्रशासन को निर्देश दिए कि बंदियों को शासन की मंशा के अनुरूप आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं और सुरक्षा एवं स्वच्छता व्यवस्था में किसी तरह की लापरवाही न हो। इस दौरान जेल अधीक्षक, जेलर समेत कारागार प्रशासन के अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

