बुलंदशहर पुलिस ने अपराध रोकने और कानून-व्यवस्था को तकनीकी और सबूतों के आधार पर मजबूत बनाने में बड़ी कामयाबी हासिल की है। सोमवार शाम 4 बजे जारी आंकड़ों के अनुसार, बुलंदशहर पुलिस को उत्तर प्रदेश में CCTNS (क्राइम एंड क्रिमिनल ट्रैकिंग नेटवर्क एंड सिस्टम्स) और ‘ऑपरेशन कनविक्शन’ की रैंकिंग में पहला स्थान मिला है। इसके अलावा, CEIR पोर्टल पर भी बुलंदशहर पुलिस को उत्तर प्रदेश में चौथा और मेरठ जोन में पहला स्थान मिला है। वहीं, साइबर टीम ने म्यूल अकाउंट्स और POS (पॉइंट ऑफ सेल) पर कार्रवाई करते हुए 5 से ज्यादा अपराधियों को गिरफ्तार किया है। देखें, 4 तस्वीरें… इस कामयाबी पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) दिनेश कुमार सिंह ने CCTNS, सर्विलांस, मॉनिटरिंग सेल, फिंगरप्रिंट ब्यूरो और साइबर टीम के अच्छा काम करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने उनके अच्छे भविष्य की कामना भी की।
सम्मान समारोह के दौरान SSP ने कहा कि पुलिस के काम को आधुनिक, तकनीकी और वैज्ञानिक सबूतों पर आधारित बनाने में इन टीमों का योगदान बहुत तारीफ के काबिल है। उन्होंने सभी सम्मानित पुलिसकर्मियों के कामों की तारीफ करते हुए उन्हें भविष्य में भी इसी तरह पूरी लगन और ईमानदारी से काम करने के लिए कहा। बुलंदशहर पुलिस का कहना है कि जिले में अपराध रोकने और कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए आधुनिक तकनीक, वैज्ञानिक सबूतों और विशेषज्ञ टीमों की क्षमता का लगातार इस्तेमाल किया जा रहा है।

