बुरहानपुर जिले के नेपानगर में रविवार रात गोगा नवमी के अवसर पर वीर गोगा जी महाराज का छड़ी चल समारोह निकाला गया। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। समारोह की शुरुआत श्री रामदेव जी बाबा मंदिर से हुई, जहां से छड़ी को नगर भ्रमण के लिए ले जाया गया। नगर के मुख्य रास्तों से होते हुए चल समारोह अम्बेडकर चौराहे स्थित गोगामेड़ी पहुंचा। यहां पूजा-अर्चना के साथ समारोह का समापन हुआ। रास्तेभर जयकारों से माहौल भक्तिमय बना रहा और जगह-जगह नागरिकों व संगठनों ने फूल बरसाकर छड़ी का स्वागत किया। 40 दिन तक उपवास और तपस्या इस आयोजन की खास बात बाबा के सेवकों की कठिन साधना रही। सेवकों ने लगातार 40 दिनों तक उपवास, संयम और तपस्या करते हुए वीर गोगा जी महाराज की आराधना की। इसी साधना के बाद गोगा नवमी पर सेवक छड़ी चल समारोह में शामिल हुए और गोगामेड़ी पहुंचकर पूजा-अर्चना की। सेवकों ने निभाई अहम भूमिका परंपरा के तहत आशीष कटारिया, मोनू नाहर, नितिन धोलपुर, मनोज सुनगत, रोहित करोसिया, निलेश धौलपुरे, भरत चंदेले, रोहन चंदेले, विवेक कलोसिया और मयंक चंदेले सहित अन्य सेवकों ने आयोजन में अहम भूमिका निभाई। वाल्मीकि समाज के धीरज करोसिया ने बताया कि 40 दिनों तक कठिन उपवास और तपस्या करना आस्था और समर्पण की अनोखी परंपरा है। यह साधना पूरे नगर की सुख-शांति और खुशहाली के लिए प्रार्थना का माध्यम है। जगह-जगह फूल बरसाकर किया स्वागत चल समारोह के दौरान नगर पालिका अध्यक्ष भारती विनोद पाटिल, नगर कांग्रेस अध्यक्ष प्रकाश सिंह बैंस, जगमीत सिंह जॉली, नितेश वर्मा, राहुल यादव, पार्षद योगिता पाटिल और सपना पटेल सहित कई नागरिकों ने छड़ी का स्वागत किया। नगर के अलग-अलग स्थानों पर नागरिकों और संगठनों ने फूलों की बारिश कर श्रद्धालुओं का उत्साह बढ़ाया। समाज के लोग भी रहे मौजूद कार्यक्रम में सरपंच अशोक करोसिया, ब्रिगेडी जमादार राजा चंदेले, जमादार मनीष मकवाने, जमादार निलेश कटारिया और पटेल भूपेन्द्र कटारिया सहित समाज के लोग मौजूद रहे। जयकारों के बीच निकले चल समारोह से पूरे नगर में भक्तिमय माहौल बना रहा।

