BJP की राष्ट्रीय मंत्री, राज्यसभा सांसद और प्रदेश सह प्रभारी कविता पाटीदार ने घाटोल क्षेत्र के बड़लिया गांव का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने महिलाओं और ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। केंद्र सरकार की योजनाओं से उन्हें अवगत करवाया। ग्रामीणों से संवाद के बाद उन्होंने भाजपा कार्यकर्ता महेंद्र कुमार पटेल के घर पर भोजन किया। सांसद कविता पाटीदार ने कांग्रेस पार्टी और स्थानीय राजनीतिक स्थिति पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि लगातार 5 बार से जिला प्रमुख का पद एक ही परिवार और कांग्रेस पार्टी के पास जा रहा है। उन्होंने क्षेत्र के विकास के लिए इस बार भाजपा को पूर्ण बहुमत देकर विजयी बनाने का आह्वान किया। इस कार्यक्रम के दौरान भाजपा के कई दिग्गज नेता और पदाधिकारी मौजूद रहे। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष पुंजिलाल गायरी, प्रदेश उपाध्यक्ष हकरू मईड़ा, पूर्व मंत्री धनसिंह रावत, और पूर्व जिलाध्यक्ष भगवत पूरी, नरेंद्र वैष्णव, किरण जोशी, महेंद्र कुमार पटेल कई अन्य पदाधिकारी और स्थानीय कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

