बीजेपी की मेयर प्रत्याशी सुमनलता के पास 17.25-करोड़ की संपत्ति:कांग्रेस की कमलेश शर्मा झोपड़ी में चलाती हैं गैस गोदाम, कुल 8.70 करोड़ की प्रोपर्ट

बीजेपी की मेयर प्रत्याशी सुमनलता के पास 17.25-करोड़ की संपत्ति:कांग्रेस की कमलेश शर्मा झोपड़ी में चलाती हैं गैस गोदाम, कुल 8.70 करोड़ की प्रोपर्ट

अलवर नगर निगम के मेयर का पहला चुनाव रोचक हो गया है। इसमें वार्ड 7 से बीजेपी की पार्षद सुमनलता अग्रवाल मेयर प्रत्याशी हैं, जो नगर परिषद के पूर्व चेयरमैन अजय अग्रवाल की पत्नी हैं। वहीं, कांग्रेस से मेयर प्रत्याशी कमलेश शर्मा हैं। जो कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष योगेश मिश्रा की पत्नी हैं। सुमनलता अग्रवाल के पास 17.25 करोड़ रुपए की संपत्ति है। वहीं, कमलेश शर्मा 8.70 करोड़ रुपए की संपति है। कांग्रेस से चुनाव लड़ चुके बीजेपी प्रत्याशी के पति रोचक बात यह है कि 2023 में अजय अग्रवाल ने अलवर शहर विधानसभा से कांग्रेस के प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ा था। इसके बाद अजय अग्रवाल ने बीजेपी के नेता और केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव के पक्ष में सोशल मीडिया पर पोस्ट किए। पूर्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष योगेश मिश्रा ने अजय अग्रवाल को कांग्रेस से बाहर निकाल दिया। इसके बाद से अजय अग्रवाल ने कभी कांग्रेस में वापसी करने के प्रयास नहीं किए। वहीं, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली से उनके अच्छे संबंध हैं। यही वजह है कि नेता प्रतिपक्ष का अलवर का कार्यालय अजय अग्रवाल के मोती डूंगरी स्थित मकान में है। आगे पढ़िए दोनों प्रत्याशियों की डीटेल प्रोफाइल…. 17 करोड़ की मालकिन सुमनलता भाजपा प्रत्याशी सुमनलता अग्रवाल की संपत्ति करीब 17.25 करोड़ रुपए है। पति अजय अग्रवाल पूर्व सभापति और सार्वजनिक गौशाला के अध्यक्ष हैं। अजय अग्रवाल पिछला विधानसभा चुनाव कांग्रेस के टिकट पर वन राज्य मंत्री संजय शर्मा के खिलाफ लड़ चुके हैं। अजय अग्रवाल के नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली से भी करीबी रिश्ते रहे हैं। जूली का मोती डूंगरी स्थित कार्यालय सुमनलता अग्रवाल की ही जमीन पर चलता है। व्यावसायिक प्रोफाइल 1986 बैच की ग्रेजुएट सुमनलता मूल (58) रूप से भरतपुर से ताल्लुक रखने वाले बड़े कारोबारी परिवार की बहू हैं। इनके पास 50 हजार रुपए की नकदी और 1.48 करोड़ रुपए की चल संपति है। MIA में 1 करोड़ का प्लॉट और 5 करोड़ की 4,000 वर्ग मीटर जमीन है। मोती डूंगरी पर 8 करोड़ का मकान और स्कीम 1 में 75 लाख का फ्लैट है। कांग्रेस प्रत्याशी: कमलेश शर्मा के पति प्रधान रह चुके कांग्रेस की प्रत्याशी कमलेश शर्मा 8.70 करोड़ रुपए की संपति है। कमलेश के पति योगेश मिश्रा कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष और लक्ष्मणगढ़ के पूर्व प्रधान रह चुके हैं। पिछले बोर्ड के गठन में भाजपा पार्षदों की संख्या अधिक होने के बावजूद कांग्रेस का बोर्ड बनाने में इनकी मुख्य भूमिका थी। योगेश मिश्रा पिछले विधानसभा चुनाव में अलवर शहर से टिकट मांग रहे थे। लेकिन ऐन वक्त पर अजय अग्रवाल के कांग्रेस में शामिल होने से टिकट कट गया था। अब पार्टी ने अजय अग्रवाल की पत्नी के सामने योगेश मिश्रा की पत्नी को मेयर के प्रत्याशी के रूप में उतारा है। मतलब अजय अग्रवाल की दोनों पार्टियों के नेताओं में अच्छी पकड़ है। व्यावसायिक प्रोफाइल 1991 बैच की ग्रेजुएट कमलेश शर्मा (56) स्वयं गैस एजेंसी चलाती हैं। किराए से भी इनकम होती है। संपत्ति का ब्योरा मूंगस्का (मौजपुर हाउस) में 4.40 करोड़ की जमीन, मूंगस्का में 3 करोड़ की 2,000 वर्गगज जमीन, ईटाराणा की झोपड़ी में 1 करोड़ का गैस गोदाम और मौजपुर में 30 लाख की 3 एकड़ जमीन है। सोना-चांदी और नकदी मिलाकर करीब 91 लाख की अन्य संपत्ति है। सुमनलता अग्रवाल मूल रूप से भरतपुर की, योगेश मिश्रा का परिवार मौजपुर गांव से अलवर की राजनीति के दो पुराने धुरंधरों की पत्नियों के आमने-सामने आने से यह मेयर चुनाव महज दो प्रत्याशियों की लड़ाई न रहकर व्यक्तिगत प्रतिष्ठा और सियासी रसूख का मुकाबला बन गया है। सुमनलता अग्रवाल के पति अजय अग्रवाल का परिवार लंबे समय से कारोबार से जुड़ा हुआ है। मूल रूप से उनका परिवार भरतपुर का रहने वाला है, लेकिन पिछले 40 वर्षों से अधिक समय से अलवर में रह रहा है। अजय अग्रवाल के भाई अनिल अग्रवाल, कृष्ण मुरारी अग्रवाल और संजय अग्रवाल भी कारोबार से जुड़े हैं। परिवार के दो भाई भरतपुर और दो अलवर में रहते हैं। अजय अग्रवाल के भाई के नाम भरतपुर में चौपहिया वाहनों की डीलरशिप है। वहीं अजय अग्रवाल के बेटे की मॉडर्न गेट बनाने की फैक्ट्री है। एक भाई संजय अग्रवाल पेशे से सीए हैं। वहीं योगेश मिश्रा खुद पहले लक्ष्मणगढ़ से प्रधान रहे हैं। पहले बीजेपी में भी रहे हैं। पिछली कांग्रेस सरकार के समय अलवर कांग्रेस के जिलाध्यक्ष रहे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *