बीकानेर नगर निगम चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज होने लगी हैं, लेकिन चुनाव प्रचार सामग्री के बाजार में अभी अपेक्षित रौनक नहीं आई है। झंडे, बिल्ले, बैनर और दुपट्टे सहित प्रचार में इस्तेमाल होने वाली सामग्री बाजार में पहुंच चुकी है, लेकिन बिक्री फिलहाल सीमित है। दुकानदारों के अनुसार कांग्रेस और भाजपा के प्रत्याशियों की दावेदारी तय होने के बाद प्रचार सामग्री की बिक्री में तेजी आने की उम्मीद है। निर्दलीय उम्मीदवार अभी कर रहे ज्यादा खरीदारी फिलहाल निर्दलीय उम्मीदवार और उनके समर्थक प्रचार सामग्री की खरीदारी में आगे हैं। कुछ निर्दलीय उम्मीदवार सिर्फ झंडे, बिल्ले और दुपट्टे पर करीब 30 से 35 हजार रुपए तक खर्च कर रहे हैं। वहीं पार्टी प्रत्याशी या बड़े प्रभावशाली उम्मीदवार बेहतर क्वालिटी की सामग्री लेते हैं तो यह खर्च 70 हजार से एक लाख रुपए तक पहुंच सकता है। इसके अलावा पेम्पलेट और फ्लेक्स का खर्च अलग होता है। ऐसे में कुछ उम्मीदवार प्रचार सामग्री की खरीद में ही एक से दो लाख रुपए तक खर्च कर सकते हैं। भाजपा कार्यालय पहुंच चुकी प्रचार सामग्री भारतीय जनता पार्टी कार्यालय में चुनाव प्रचार की सामग्री पहुंच चुकी है। पार्टी की ओर से प्रत्याशी तय होने के बाद उम्मीदवारों को तय मात्रा में प्रचार सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी। इसके बाद अतिरिक्त प्रचार सामग्री की व्यवस्था उम्मीदवारों को स्वयं करनी होगी। कांग्रेस की ओर से भी शहर और देहात इकाई को प्रचार सामग्री उपलब्ध कराई गई है। पार्टी की ओर से टिकट मिलने के बाद संबंधित उम्मीदवारों को प्रचार सामग्री का वितरण किया जाएगा। ऐसे में दोनों प्रमुख दलों के प्रत्याशियों की घोषणा के साथ ही प्रचार सामग्री के बाजार में मांग बढ़ने की संभावना है। रेट पिछले विधानसभा चुनाव जैसे ही हैं कीर्ति स्तम्भ के पास प्रचार सामग्री बेच रहे अश्विनी सिंह बताते हैं कि प्रचार सामग्री की कीमतों में फिलहाल ज्यादा बढ़ोतरी नहीं हुई है। दुकानदारों के अनुसार पिछले विधानसभा चुनाव के दौरान जो रेट थे, लगभग उन्हीं दरों पर इस बार भी सामग्री उपलब्ध है। अधिकांश दुकानदारों के पास पिछले चुनाव का बचा हुआ सामान भी है, जिसे इस चुनाव में बेचा जा रहा है। 3 रुपए से शुरू झंडे, 300 रुपए तक के दुपट्टे बीकानेर में राजनीतिक दलों के सबसे छोटे झंडे की कीमत करीब 3 रुपए से शुरू हो रही है। इसके अलावा 5 रुपए, 10 रुपए और 50 रुपए तक के झंडे उपलब्ध हैं। गले में डालने वाले दुपट्टे भी 3 रुपए से शुरू होकर 300 रुपए तक के हैं। इनकी कीमत कपड़े की क्वालिटी और डिजाइन पर निर्भर करती है। दुकानदारों का कहना है कि अभी बाजार में प्रचार सामग्री उपलब्ध है, लेकिन बड़ी संख्या में ऑर्डर नहीं आ रहे हैं। कांग्रेस और भाजपा की ओर से प्रत्याशियों की स्थिति स्पष्ट होने के बाद झंडे, बिल्ले, दुपट्टे, बैनर, पेम्पलेट और फ्लेक्स की मांग तेजी से बढ़ने की उम्मीद है।

