धौलपुर में बुधवार को जयपुर डिस्कॉम के अभियंताओं की बैठक में बिजली आपूर्ति व्यवस्था और राजस्व वसूली की समीक्षा की गई। SE विवेक शर्मा ने धौलपुर शहर उपखंड में कम राजस्व वसूली पर नाराजगी जताते हुए चेतावनी दी कि अगस्त में तय लक्ष्यों में सुधार नहीं हुआ तो जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। बैठक में उपभोक्ता शिकायतों के त्वरित निस्तारण और बिजली व्यवस्था बेहतर करने को लेकर भी जरूरी निर्देश दिए गए। निर्बाध बिजली के लिए प्राथमिकता से काम SE विवेक शर्मा ने अधिकारियों से कहा कि उपभोक्ताओं को अच्छी और बिना रुकावट बिजली उपलब्ध कराने के लिए जरूरी काम प्राथमिकता से पूरे किए जाएं। बिजली आपूर्ति बाधित होने पर तत्काल कार्रवाई करते हुए शिकायतों का समय पर निस्तारण किया जाए। उन्होंने बिजली लाइनों और ट्रांसफार्मरों के नियमित रखरखाव के साथ सुरक्षा नियमों का पूरी तरह पालन करने पर जोर दिया। लंबित कामों में तेजी, सुरक्षा पर फोकस बैठक में फील्ड में डिस्कॉम के तय नियमों के अनुसार नए काम कराने और लंबे समय से रुके कामों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर भी विशेष सावधानी बरतने को कहा गया। कस्बों में खुले पड़े एलटी डिस्ट्रीब्यूशन बॉक्स का सर्वे कर उनकी वेल्डिंग और जरूरी सुधार कार्य कराने के निर्देश दिए गए। लापरवाह फीडर इंचार्जों पर कार्रवाई SE ने लापरवाही बरतने वाले फीडर इंचार्जों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश संबंधित एईएन को दिए। उन्होंने फील्ड स्तर पर बिजली व्यवस्था से जुड़े कामों की नियमित निगरानी और जिम्मेदारी तय करने पर भी जोर दिया। बिना कनेक्शन वाले लोगों से करें संपर्क अधिकारियों को ऐसे लोगों से संपर्क करने के लिए कहा गया, जिनके पास अभी बिजली कनेक्शन नहीं हैं। उन्हें बिजली कनेक्शन लेने के लिए प्रेरित करने और कनेक्शन प्रक्रिया में आने वाली फील्ड समस्याओं का तत्काल समाधान करने के निर्देश दिए गए। टीम भावना से काम करने पर जोर SE विवेक शर्मा ने अधिकारियों और कर्मचारियों से टीम भावना के साथ काम करने की अपील की। उन्होंने कहा कि बेहतर समन्वय और समय पर कार्रवाई से डिस्कॉम की कार्यप्रणाली में सुधार होगा और इसका सीधा फायदा उपभोक्ताओं को मिलेगा। ये अधिकारी रहे मौजूद बैठक में XEN बाड़ी, XEN विजिलेंस, AEn परवेंद्र जादौन, AEn कैला, RD मीना, ARO गणेश झा समेत कई विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

