बारिश से कच्चा मकान ढहा, बुजुर्ग महिला की मौत:20 साल से मायके में रह रही थीं; एसडीएम ने मौके पर पहुंचकर जांच की

बारिश से कच्चा मकान ढहा, बुजुर्ग महिला की मौत:20 साल से मायके में रह रही थीं; एसडीएम ने मौके पर पहुंचकर जांच की

संभल रविवार सुबह 5 बजे कच्चे मकान की छत गिरने से मलबे में दबकर 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला सोमवती की मौत हो गई। पिछले करीब 30 घंटे से हो रही बारिश के बाद छत अचानक भरभराकर गिर गई। घटना की सूचना प्रशासन को दोपहर 12:30 बजे दी गई। दोपहर करीब 1 बजे एसडीएम चंदौसी आशुतोष तिवारी पुलिस और राजस्व टीम के साथ मौके पर पहुंचे। मामला बनियाठेर थाना क्षेत्र के गोपालपुर गांव का है। तेज आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे सोमवती मकान में रह रही थीं। छत गिरने की तेज आवाज सुनकर उनके भतीजे किशनपाल, जयशंकर समेत ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने मलबा हटाकर करीब 40 मिनट बाद सोमवती को बाहर निकाला। इसके बाद परिजन उन्हें इलाज के लिए डॉक्टर के पास ले गए, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। 20 साल पहले पति की हुई थी मौत सोमवती मूल रूप से मुरादाबाद के कुंदरकी थाना क्षेत्र के बाछेल गांव की रहने वाली थीं। उनके पति इतवारी की करीब 20 साल पहले मौत हो चुकी थी। उनकी कोई संतान नहीं थी। पति की मौत के बाद से वह अपने भतीजे किशनपाल पुत्र हरिराम के साथ गोपालपुर में रह रही थीं। महिला की मौत के बाद मायके में कोहराम मचा है। एसडीएम ने मौके पर पहुंचकर किया निरीक्षण हादसे की जानकारी मिलने के बाद एसडीएम आशुतोष तिवारी, लेखपाल अनिल भदौरिया और बनियाठेर थाना प्रभारी बोविंद्र शर्मा गांव पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। एसडीएम ने लेखपाल को जल्द रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए। पीड़ित परिवार को नियमानुसार सरकारी मदद दिलाने का आश्वासन दिया गया है। ग्राम प्रधान ने प्रशासन को दी सूचना ग्राम पंचायत अकरौली के प्रशासक ग्राम प्रधान भूरे खां की ओर से तहसील प्रशासन को गांव में हुए हादसे की जानकारी दी गई थी। इसके बाद प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटाई। पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव थाना प्रभारी बोविंद्र शर्मा ने बताया कि 70 वर्षीय महिला की मकान के मलबे में दबने से मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *