शिवपुरी में शुक्रवार देर शाम हुई बारिश के बाद वन्यजीवों की हलचल सड़कों तक पहुंच गई। शहर के स्टेडियम रोड पर देर रात एक विशाल मगरमच्छ सड़क पर घूमता दिखा, वहीं शनिवार सुबह माधव टाइगर रिजर्व के नरवर-सतनवाड़ा मार्ग पर एक तेंदुआ बाउंड्री पर बैठा नजर आया। इन दोनों घटनाओं के वीडियो राहगीरों ने अपने मोबाइल में कैद कर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए। स्टेडियम रोड पर मगरमच्छ के दिखने से आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। जानकारी के अनुसार, जाधव सागर तालाब में बड़ी संख्या में मगरमच्छ रहते हैं। बारिश के मौसम में ये अक्सर तालाब से निकलकर रिहायशी इलाकों और सड़कों तक आ जाते हैं। शुक्रवार रात भी एक बड़ा मगरमच्छ स्टेडियम रोड पर घूमता दिखा, जिसे कार सवार लोगों ने अपने कैमरे में कैद कर लिया। स्थानीय निवासियों के अनुसार, जाधव सागर तालाब से निकलने वाले मगरमच्छों को लेकर उनमें लंबे समय से भय बना हुआ है। पिछले साल इसी तालाब से निकले एक मगरमच्छ ने एक युवक पर हमला भी किया था। आबादी वाले क्षेत्र की सड़क पर मगरमच्छ के पहुंचने से लोगों की चिंता और बढ़ गई है। सड़क किनारे बनी बाउंड्री पर बैठा दिखा तेंदुआ
दूसरी ओर, नरवर-सतनवाड़ा मार्ग पर भी बारिश के दौरान वन्यजीव की मौजूदगी ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया। यह मार्ग माधव टाइगर रिजर्व के जंगल क्षेत्र से होकर गुजरता है। यहां एक तेंदुआ सड़क किनारे बनी बाउंड्री पर बैठा नजर आया। अंडरपास से गुजर रहे कार सवारों ने तेंदुए को देखकर अपने वाहन रोक लिए और उसका वीडियो बनाया। तेंदुआ कुछ देर तक बाउंड्री पर बैठा रहा। जंगल के बीच से गुजर रहे लोगों के लिए यह दृश्य रोमांचक था। बाद में कार सवारों ने तेंदुए का यह वीडियो सोशल मीडिया पर साझा कर दिया, जो तेजी से वायरल हो रहा है।

