देवरिया में रविवार शाम बारिश के दौरान गोरखपुर ओवरब्रिज के पास बाइक सवार युवक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे नाले में जा गिरा। आसपास मौजूद लोगों ने युवक को नाले से बाहर निकाला और तत्काल महर्षि देवराहा बाबा मेडिकल कॉलेज के ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान सिंधी मिल कॉलोनी निवासी अनूज राव (18) पुत्र सत्येंद्र राव के रूप में हुई है। हादसे की सूचना मिलने पर सदर कोतवाली पुलिस मेडिकल कॉलेज पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बारिश में फिसली बाइक बताया गया कि अनूज रविवार शाम बाजार गया था। बारिश के बीच वह बाइक से घर लौट रहा था। देवरिया-गोरखपुर मार्ग पर गोरखपुर ओवरब्रिज के पास पहुंचते ही बारिश के कारण बाइक सड़क पर फिसल गई। अनियंत्रित बाइक सड़क किनारे स्थित नाले में जा गिरी। हादसा देखकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और युवक को नाले से बाहर निकाला। इसके बाद उसे एंबुलेंस की मदद से मेडिकल कॉलेज के ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया। जांच के बाद चिकित्सकों ने अनूज को मृत घोषित कर दिया। मोबाइल से परिजनों को दी सूचना चिकित्सकों की सूचना पर सदर कोतवाली पुलिस मेडिकल कॉलेज पहुंची। पुलिस ने युवक के पास मिले मोबाइल फोन के आधार पर परिजनों से संपर्क कर हादसे की जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजन अस्पताल पहुंच गए। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जानकारी में बारिश के दौरान बाइक फिसलने को हादसे की वजह माना जा रहा है। पुलिस घटना की परिस्थितियों की जांच कर रही है।

