Pune Crime News: महाराष्ट्र के पुणे जिले के बारामती तालुका के सुपा स्थित शेरेवाड़ी में घर के बाहर सो रही दो बुजुर्ग महिलाओं की हत्या के मामले में पुलिस ने 25 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी का नाम विकास उर्फ अप्पा राजेंद्र लडकत (25) बताया जा रहा है। पुणे ग्रामीण पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने सोने के गहनों के लिए दोनों महिलाओं की कुल्हाड़ी से वार कर हत्या करने की बात कबूल की है। पुलिस ने उसके पास से करीब 6 लाख रुपये कीमत के पांच तोला सोने के गहने बरामद किए हैं।
घर के बाहर सो रही थीं दोनों महिलाएं
यह वारदात 29 सितंबर की है। मामले में गणेश लडकत ने सुपा पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के मुताबिक, उनकी मां इंदुमती मारुति लडकत (75) और चचेरी भाभी कृष्णाबाई कुंडलिक लडकत (55) घर के सामने बने चबूतरे पर सो रही थीं।
इसी दौरान रात के अंधेरे में आरोपी घर में जबरन घुसा और अलमारी में रखे सामान को खंगाला। इसके बाद उसने सो रही दोनों महिलाओं के शरीर से जबरन सोने के गहने छीनने की कोशिश की। जब उन्होंने विरोध किया तो उसने कुल्हाड़ी से उनकी गर्दन और गले पर ताबड़तोड़ वार कर दिया, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
आठ पुलिस टीमों ने शुरू की जांच
दो बुजुर्ग महिलाओं की हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए कोल्हापुर रीजन के विशेष पुलिस महानिरीक्षक रंजन कुमार शर्मा और पुणे ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक संदीप सिंह गिल के मार्गदर्शन में पुलिस की 8 विशेष टीमें गठित की गईं। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।
200 से ज्यादा पुराने आरोपियों की जांच
पुलिस ने इसी तरह के अपराधों में शामिल रहे संदिग्धों की जानकारी जुटाने के लिए अहिल्यानगर, सोलापुर, सातारा, बीड, कोल्हापुर और कर्नाटक के निपाणी में भी टीमें भेजीं। इस दौरान पुलिस ने 200 से अधिक रिकॉर्ड पर मौजूद आरोपियों की जांच की।
जांच के दौरान शेरेवाड़ी के ही विकास लडकत की गतिविधियां पुलिस को संदिग्ध लगीं। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।
पूछताछ में हत्या की बात कबूल की- पुलिस
अधिकारियों के मुताबिक, सघन तलाशी और जांच के दौरान पुलिस को गांव के ही विकास लडकत की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। जब पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की, तो वह घबरा गया और गोलमोल जवाब देने लगा। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी विकास ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसके पास से चोरी किए गए सोने के गहने भी बरामद कर लिए गए हैं।
फिलहाल पुणे ग्रामीण पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि वारदात में आरोपी अकेला था या उसके साथ कोई और व्यक्ति शामिल था।

