देवरिया जिले की राप्ती नदी में सोमवार शाम अचानक पानी का चक्रवात (बवंडर) देखा गया। बाढ़ के पानी से घिरे भदिला प्रथम गांव के पास नदी की परिवर्तित धारा में यह घटना हुई। पानी तेजी से घूमने लगा और काफी ऊंचाई तक घुमावदार लहरें उठने लगीं, जिससे तेज आवाज सुनाई दी। ग्रामीणों ने बताया कि पानी में बने इस चक्रवात का स्वरूप सामान्य से अलग था। देखते ही देखते पानी की ऊंची लहरें गोलाकार तरीके से घूमने लगीं। तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग नदी किनारे पहुंचे। कुछ देर के लिए लोगों में किसी अनहोनी की आशंका को लेकर चिंता बढ़ गई। नाव चक्रवाती धारा की चपेट में यह स्थिति करीब 15 मिनट तक बनी रही। गनीमत रही कि इस दौरान नदी में कोई नाव चक्रवाती धारा की चपेट में नहीं आई, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। ग्रामीणों का कहना है कि यदि उस समय कोई नाव इसकी चपेट में आती तो स्थिति गंभीर हो सकती थी। घटना के दौरान कुछ ग्रामीणों ने अपने मोबाइल फोन से इसका वीडियो बना लिया। इस वीडियो में नदी के पानी में तेज गति से घूमती हुई ऊंची लहरें साफ दिखाई दे रही हैं। यह वीडियो मंगलवार को सामने आया और इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने के बाद घटना चर्चा का विषय बन गई। नुकसान की कोई सूचना नहीं ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने पहले कभी इस तरह की घटना नहीं देखी थी। बाढ़ के दौरान नदी की धारा में अचानक इस तरह का बदलाव होने से लोग इसे लेकर चिंतित हैं। हालांकि, घटना के दौरान किसी तरह के नुकसान की कोई सूचना नहीं है।

