बागपत हादसे के पीड़ित परिवारों से मिले सांसद आदित्य यादव:परिजनों को ढांढस बंधाया, घायलों का हाल जाना, मदद का भरोसा दिया

बागपत हादसे के पीड़ित परिवारों से मिले सांसद आदित्य यादव:परिजनों को ढांढस बंधाया, घायलों का हाल जाना, मदद का भरोसा दिया

बागपत के ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे पर हुए सड़क हादसे से बदायूं के कई परिवार सदमे में हैं। इस हादसे में अपनों को खोने वाले परिवारों से मिलने गुरुवार को सांसद आदित्य यादव जिले के अलग-अलग गांवों में पहुंचे। उन्होंने मृतकों के परिजनों से मुलाकात की, उन्हें सांत्वना दी और घटना की जानकारी ली। परिवारों ने सांसद को हादसे और उसके बाद की स्थिति के बारे में बताया। सांसद सबसे पहले बदायूं विधानसभा क्षेत्र के रसूलपुर गांव पहुंचे। यहां उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाले व्यक्ति के परिजनों से मुलाकात कर संवेदना जताई। इसके बाद वे शेखूपुर विधानसभा क्षेत्र के निजामपुर गांव गए, जहां मृतक के परिवार से मिलकर उनकी बात सुनी। उन्होंने परिवार को भरोसा दिलाया कि वे दुख की इस घड़ी में उनके साथ हैं। इसके बाद सांसद चेतु नगला और अलीपुर चमारी गांव पहुंचे। दोनों गांवों में उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों से मुलाकात की। परिवार के सदस्यों से घटना की जानकारी लेने के साथ ही उन्होंने मृतकों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना भी की। इसके बाद वे बिल्सी विधानसभा क्षेत्र के सराय मुड़िया खागी गांव पहुंचकर मृतक के परिजनों से मिले। अपने दौरे के आखिर में सांसद सहसवान विधानसभा क्षेत्र के मदारपुर गांव पहुंचे। यहां भी उन्होंने हादसे में मृत लोगों के परिजनों से मिलकर संवेदना जताई और उनकी बात सुनी। सांसद ने हादसे में घायल हुए लोगों और उनके परिजनों से भी बात की। उन्होंने घायलों के इलाज की जानकारी ली और बेहतर इलाज के लिए बात की। सांसद ने कहा कि हादसे में अपनों को खोने वाले परिवारों के साथ वे खड़े हैं। उन्होंने परिजनों को हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। इस दौरान सपा जिलाध्यक्ष आशीष यादव, विधायक ब्रजेश यादव, पूर्व विधायक भूपेंद्र सिंह दद्दा, हिमांशु यादव, पूर्व विधायक हाजी बिट्टन, महासचिव उदयवीर शाक्य, फखरे अहमद शोबी, सुनील यादव, अतुल पटेल, अशोक यादव, लक्ष्मण लोधी, देवेंद्र गौतम, सुनीता पाल, नवाब सिंह यादव, डॉ. शकील, केपी राठौर, परवेज अहमद, जवाहर सिंह यादव, प्रदीप गुप्ता और किशनपाल गुरु समेत कई पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता वहां मौजूद थे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *